शाहजहांपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत वडनगर से वाराणसी तक जाने वाली संकल्प यात्रा एक अक्तूबर को जिले में पहुंचेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर बैठक हुई। डीएम ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि करीब 100 बाइक सवारों की संकल्प यात्रा एक अक्तूबर को शाम करीब पांच बजे नगरिया मोड़ से जिले में प्रवेश करेगी। यहां से यात्रा स्मार्ट रोड होते हुए लाल इमली चौराहा पहुंचेगी और इसके बाद हनुमत धाम स्थित शेल्टर होम में रात्रि विश्राम करेगी।
दो अक्तूबर को सुबह करीब 11 बजे यात्रा हरदोई मोड़ से शाहाबाद होते हुए जनपद हरदोई के लिए रवाना होगी। जिलाधिकारी ने यात्रा के मार्ग में विशेष साफ-सफाई कराने और भव्य सजावट के साथ स्वागत की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के स्वागत में बुलडोजर से पुष्पवर्षा कराई जाए। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाए।
हनुमत धाम पर होगा पौधरोपण
यात्रा के रात्रि विश्राम के दौरान हनुमत धाम पर पौधरोपण भी कराया जाएगा। बैठक में महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।