जैतीपुर। खंड विकास अधिकारी मनीष दत्त की अध्यक्षता में मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ब्लॉक टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति जांची गई। साथ ही योजनाओं के सही ढंग से संचालन के लिए माइक्रो प्लान को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में बीडीओ ने वंचित पात्र परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने में शीघ्रता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी आयुष्मान कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए। पंचायत सहायक अवनीश कुमार ने बनाए गए आयुष्मान कार्ड के बदले मानदेय का भुगतान किए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर बीडीओ ने बीपीएम राशिद खां को जांच कर शीघ्र भुगतान करवाने के निर्देश दिए। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. मोहम्मद शजर, एडीओ विश्वनाथ प्रताप सिंह और रघुनंदन वर्मा, पंचायत सहायक आदि मौजूद रहे। संवाद