मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद राजबेदी ने यहां विभागीय विकास योजनाओं की समीक्षा की और उनके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। अभियंताओं और योजनाओें के परियोजना अधिकारियों के साथ बैठक करके एमडी ने दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना, शहरी गरीब उपभोक्ताओं को मुफ्त कनेक्शन आदि योजनाओं की प्रगति जांची और चालू माह में 23 करोड़ रुपये बकाया विद्युत देय की वसूली के निर्देश दिए।
35 नए ग्रामीण फीडर उठाएंगे एग्रीकल्चर लोड
एमडी राजबेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए बिजली उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसीलिए एग्रीकल्चर लोड के लिए दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना में 11 केवी के नए कृषि फीडर बनाने का फैसला किया गया है। अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) अंशुमान यादव ने एमडी को बताया कि ग्रामीण नलकूपों को निर्बाध बिजली सप्लाई देने के लिए जिले में 35 नए फीडर बनाए जाने हैं। उन्होंने बताया कि तीन माह पूर्व स्वीकृत इस परियोजना पर जिले मेें काम शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में पोल लगाए जा रहे हैं।
वसूली में तेजी लाने पर जोर
बिजली बिलिंग की समीक्षा करने पर प्रबंध निदेशक ने पाया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत वितरण खंड प्रथम और शहरी क्षेत्र के वितरण खंड द्वितीय से जुड़े उपभोक्ताओं पर नौ-नौ करोड़ रुपया बकाया है। तिलहर डिस्ट्रीब्यूशन डिवीजन के उपभोक्ताओं पर पांच करोड़ रुपये बकाया निकला। एमडी ने राजस्व की वसूली के लिए सभी उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।
मुफ्त कनेक्शन को चिह्नित होंगे शहरी गरीब
एमडी ने ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों की तरह शहरी क्षेत्र में गरीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को बिजली के मुफ्त कनेक्शन देने संबंधी योजना की प्रगति का ब्यौरा तलब किया। एसई अग्रवाल ने प्रबंध निदेशक को बताया कि अंत्योदय स्कीम के तहत मुफ्त कनेक्शन के योग्य ऐसे उपभोक्ता आय प्रमाण पत्र और राशनकार्ड के आधार पर चिह्नित किए जा रहे हैं।
विधायक मानवेंद्र ने एमडी से मांगे नए उपकेंद्र
बैठक के दौरान ददरौल क्षेत्र के भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह ने प्रबंध निदेशक से भेंट करके जिले में ग्रामीण विद्युतीकरण समेत नए स्वीकृत बिजली उपकेंद्रों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। एमडी राजबेदी ने अधीक्षण अभियंता आरके अग्रवाल से मिले फीडबैक का हवाला देते हुए विधायक को आश्वस्त किया कि ग्रामीण क्षेत्र में चारों बिजली उपकेंद्रों का निर्माण प्रगति पर है। शहर में 33 केवी सबस्टेशन के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है।