शाहजहांपुर। विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति ज्ञानेंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों को जनता और जनप्रतिनिधियों के प्रति निष्ठावान रहने का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि जनहित के सभी कार्य समय से पूरे कराएं और जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए पत्राचार पर कार्रवाई के विवरण सहित अवगत कराएं। मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराने पर पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता और जिला समाज कल्याण अधिकारी से नाराजगी जताई।
10 सदस्यीय प्राक्कलन समिति के सभी सदस्य बुधवार देर रात यहां पहुंचे थे। बृहस्पतिवार सुबह समिति के सदस्यों ने सभापति के साथ निगोही कस्बे में पावर कारपोरेशन के 33 केवी बिजली उपकेंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। बाद में जिला मुख्यालय लौटकर समिति ने पुलिस प्रशासन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
पेंशन के प्रकरण लंबित देख नाराज हुए सभापति
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान वृद्धावस्था पेंशन योजना के तमाम आवेदन लंबित पाए जाने पर सभापति ने नाराजगी जताई। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुमन कुमार से आवेदन लंबित रहने का संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने ऐसे सभी प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन मिलने के बाद पेंशन स्वीकृति करने का निर्धारित समय 52 दिन का है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण योजना और शादी अनुदान योजना के प्रकरण अविलंब निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रवृत्ति एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण के कार्य में भी तेजी लाने को कहा।
विभागों की ढिलाई, समिति के निशाने पर आई
विभाग वार समीक्षा में जल निगम, स्वास्थ्य समेत कई विभागों की ढिलाई समिति के निशाने पर आई। सभापति ने जल निगम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना अधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कार्यों में पारदर्शिता लाने और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड की धीमी प्रगति से नाराज सभापति ने विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों के कार्ड जनप्रतिनिधियों से वितरित कराने, नियमित टीकाकरण में तेजी लाने और जननी सुरक्षा योजना का लाभ समय से देने के निर्देश दिए।
अधीक्षण अभियंता को कार्रवाई की चेतावनी
विद्युत विभाग की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता अजीत श्रीवास्तव से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभापति ने नाराजगी व्यक्त की और कार्यों में सुधार नहीं लाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने चकबंदी के लंबित प्रकरण समय से निस्तारित करने, प्रधानमंत्री सड़क योजना सड़कों का निर्माण जल्द पूरा कराने, पंचायत भवनों का निरीक्षण कराकर उन्हें ठीक कराने के साथ वहां लेखपाल एवं पंचायत सचिव के बैठने के दिवस निर्धारित करने आदि निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्य विधायक सुरेश्वर सिंह, साकेंद्र प्रताप वर्मा, रोशन लाल वर्मा, धर्मेंद्र सिंह शाक्य, दुर्गा प्रसाद यादव, राकेश प्रताप सिंह, डॉ. हरगोविंद भार्गव, माधवेंद्र प्रताप सिंह आदि रहे।
निगोही विद्युत उपकेंद्र को जमीन तलाशने के निर्देश
निगोही। प्राक्कलन समिति के सभापति और सदस्यों ने स्थानीय बिजली उपकेंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर अधीक्षण अभियंता से उपकेंद्र की जमीन के बारे में पूछताछ कर उसके अनापत्ति प्रमाण पत्र तलब किए, लेकिन विभागीय अभियंता इस बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बता दें कि तिलहर के विधायक रोशन लाल वर्मा विधानसभा में स्थानीय बिजली उपकेंद्र का मुद्दा उठा चुके हैं क्योंकि विभाग ने कस्बे के 35 किसानों की जमीन पर एनओसी लिए बगैर 1970 में उपकेंद्र का निर्माण करा लिया था। कस्बा निवासी सुशील जायसवाल सहित संबंधित किसानों की शिकायत का विधायक ने संज्ञान लिया था। समिति सदस्यों ने जमीन की एनओसी जल्द उपलब्ध कराने और नए विद्युत गृह के निर्माण को चार बीघा जमीन तलाशने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता वेद प्रकाश अग्रवाल, एसडीओ सतीश जायसवाल, जेई गजेंद्र पाल, एसडीएम वेद सिंह चौहान, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, कानूनगो सूर्य पाल वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद