विनोबा सेवा आश्रम में संचालित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से बातचीत करतीं प्राधिकरण सचिव अपेक्षा
शाहजहांपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दस दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय के 37 विद्यार्थियों ने विनोबा सेवा आश्रम में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर में भाग लिया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के अधिकारों के संबंध में विधि के विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
प्राधिकरण सचिव अपेक्षा सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं उनका भरण-पोषण विषय पर विचार रखे। उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। सचिव ने वरिष्ठ नागरिकों के विधिक अधिकारों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। अपेक्षा सिंह ने विद्यार्थियों को समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्गों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने उनके अनुभवों को जाना और समझा। महाविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय इंटर्नशिप समन्वयक प्रदीप कुमार सिंह ने किया। संवाद