केंद्र सरकार की तरफ से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार से शुरू हो रहे मिशन इंद्र धनुष कार्यक्रम में शत-प्रतिशत बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी सोमवार को पुराने जिला अस्पताल सभागार में हुई मीडिया कार्यशाला में सीएमओ डॉ. उमेश सिंह यादव दी।
उन्होंने बताया कि जिले में मिशन इंद्र धनुष कार्यक्रम रोटरी क्लब के सहयोग से चलाया जाएगा। इसमें 84000 बच्चों और 97000 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें ईट भट्ठे, घुमंतू परिवार और दूरदराज के इलाके भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में वह जिले शामिल हैं, जहां टीकाकरण कम हुआ है। इसमें सात प्रकार के रोगों में लगने वाले टीका बीसीजी, ओपीवी, डीपीटी, हेपेटाइस्टिस, खसरा, जेई, पोलियो आदि शामिल हैं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को आयरन की गोली और संतुलित भोजन के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. लक्ष्मन सिंह ने बताया कि मिशन इंद्र धनुष कार्यक्रम सात से 14 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन कार्यक्रम की समीक्षा ब्लाकवार की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी शामिल रहेंगे। कार्यशाला में एसीएमओ डॉ. डीके सोनकर, डॉ. ललित सरोदे, रंजन श्रीवास्तव, रोटरी क्लब के डॉ. हेमेंद्र वर्मा, राजीव भारती, राजेश भटनागर आदि मौजूद थे।