विजेता इंडियन रेलवे लोको लायंस टीम को ट्रॉफी देते आयोजक। स्रोत: आयोजक
शाहजहांपुर। अटेवा प्रीमियर लीग कमेटी के तत्वावधान में क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को जीएफ कॉलेज मैदान पर तीन मैच खेले गए। इंडियन रेलवे लोको लायंस, रोजा और खुदागंज क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। इंडियन रेलवे लायंस टीम ने 10 रनों से जीत हासिल की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडियन रेलवे लायंस ने निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट पर 129 रन बनाए। जवाब में उतरी खुदागंज टीम 119 रन बनाकर आउट हो गई। प्लेयर ऑफ द मैच विनय कुमार रहे। उन्होंने 13 रन देकर चार विकेट लिए। दूसरा मैच लोको एक्सप्रेस इलेवन और रॉयल चैलेंजर्स कलान के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लोको एक्सप्रेस इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में 110 रन बनाए।
जवाब में उतरी रॉयल चैलेंजर कलान की शुरुआत बेहद खराब रही। पांच रनों पर पांच विकेट खोकर भी हिम्मत नहीं हारी और शानदार वापसी करते हुए 12.4 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अर्जुन सिंह ने 28 गेंदों में 52 रन बनाए और दो विकेट लिए। उनको प्लेयर आफ द मैच चुना गया। तीसरा मैच मदनापुर टाइगर्स और प्रोफेसर इलेवन के मध्य खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए मदनापुर टाइगर्स ने निर्धारित 15 ओवर में 150 रन बनाए। जवाब में प्रोफेसर इलेवन की टीम ने छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। इस मैच में वरुण कुमार ने 19 गेंद में 28 रन बनाए और दो विकेट हासिल किए। उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।