शाहजहांपुर। ग्रामीण स्तर पर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थापित की गईं सीएचसी सिर्फ रेफरल सेंटर बन गई हैैं। प्रत्येक सीएचसी पर 30 बेड समेत सभी आवश्यक संसाधन होने के बावजूद मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। इससे राजकीय मेडिकल कॉलेज पर दबाव बढ़ रहा है। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र जारी कर दिशा-निर्देश दिए हैं।
जिले में 16 सीएचसी और 39 पीएचसी हैं। सीएचसी पर 30 बेड के साथ मरीजों को भर्ती करने की सुविधा दी गई है। इसके बाद भी मरीजों को भर्ती करने के बजाय राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया जाता है। जिले भर से सामान्य रोगियों तक के बड़ी संख्या में आने से राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हालात ये हैं कि गंभीर मरीजों तक को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। डीएम के निरीक्षण के बाद 30 अतिरिक्त बेड का इंतजाम होने से थोड़ी राहत जरूर मिली है।
सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को इस बाबत पत्र जारी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि बेड का इंतजाम होने के बाद भी मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाना चिंताजनक है। उन्होंने सिर्फ गंभीर मरीजों को ही रेफर करने के निर्देश दिए हैं। शेष को सीएचसी पर भर्ती कर इलाज करने के लिए कहा है। सीएमओ ने बताया कि वह खुद सीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।