शाहजहांपुर। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने के लिए ट्रेनों में आरक्षण कराने वालों की भीड़ बढ़ने के बीच रविवार को रेलवे की वेबसाइट पर अचानक लोड बढ़ गया। इसके चलते करीब 30 मिनट तक तत्काल टिकट नहीं बन सके। वेबसाइट बंद होने से टिकट कराने पहुंचे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
रविवार सुबह तत्काल टिकट कराने के लिए यात्री रेलवे स्टेशन और आरक्षण केंद्रों पर पहुंचे थे। करीब 10 बजे अचानक रेलवे की वेबसाइट ने काम करना बंद कर दिया। इससे तत्काल टिकट की बुकिंग प्रभावित हो गई। टिकट के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों को करीब आधे घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। वेबसाइट चालू होने के बाद ही टिकटों की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
उधर, दीपावली के लिए ट्रेनों में दो महीने पहले से आरक्षण शुरू हो गया है। अप और डाउन लाइन की प्रमुख ट्रेनों में सीमित सीटें ही बची हैं। वहीं, छठ पर्व को लेकर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी आरक्षण शुरू होने से यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। त्योहारों पर घर जाने वाले लोग पहले से ही टिकट कराने में जुटे हैं। ऐसे में तत्काल टिकट की बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर बढ़ा दबाव यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि सभी स्टेशनों पर वेबसाइट बंद होने की समस्या आई थी। हालांकि, 30 मिनट के बाद वेबसाइट शुरू होने से टिकट बनाए गए हैं।