रोटरी क्लब ऑफ सिटी के बैनर तले शहीद द्वार मैदान में तीन दिवसीय दिवाली मेला शुरू हो गया। पहले दिन मेला का आकर्षण डॉग शो, बेबी शो और सिंगिंग एवं डांसिंग कंपटीशन रहा। रोटरी सिटी दिवाली मेला में शहर के शौकीन लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के डॉग लाकर कंपटीशन को सफल बनाया। इसके बाद बेबी शो का आयोजन हुआ, जिसमें एक साल तक के बच्चों को शामिल किया गया। इसी कड़ी में सिंगिंग और डांसिंग का सेमी फाइनल मुकाबला हुआ। कलाकारों ने गीतों और नृत्य के माध्यम से खूब तालियां बटोरीं। बच्चों ने मेला मेें लिल्ली घोड़ी (सुमित कश्यप) का नृत्य देखकर मनोरंजन किया। इस बीच निशुल्क घुड़सवारी का भी आनंद लिया। मेला में फूड जोन के साथ ही सौंदर्य सामग्री, बुटीक, फैंसी ज्वैलरी, दिवाली के सजावटी सामान आदि के स्टाल लगाए गए हैं। मेला में युवाओं और बच्चों की सहभागिता बनी रहे इसके लिए प्रत्येक घंटे में लकी ड्रॉ भी निकाला जा रहा है। दिवाली मेला पोलियो दिव्यांग सहायतार्थ किया जा रहा है। आयोजन में संस्थाध्यक्ष अमरीष सक्सेना, मेला चेयरमैन मनोज खुराना, राजीव भारती, अरुण शर्मा, डॉ. हेमेंद्र वर्मा, डॉ. केपी सक्सेना, अमिताभ बेरी, निर्मल कुमार, एपी सिंह, राजेंद्र मौर्या, विनय शुक्ला, राकेश वोरा, भुवनेश निझावने आदि का योगदान रहा।