तिलहर में शर्मा इंडेन गैस एजेंसी के सामने हंगामा करते उपभोक्ता। संवाद
तिलहर। आठ दिन से रसोई गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने राजनपुर मार्ग स्थित शर्मा इंडेन गैस एजेंसी के सामने खाली सिलिंडर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान करीब आधा घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया।
गैस उपभोक्ताओं का आरोप है कि वह पिछले आठ दिन से गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। कई लोग मजदूरी और काम छोड़कर सुबह से लाइन में लग जाते हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप है भीषण गर्मी के बावजूद एजेंसी परिसर में न तो बैठने की कोई व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
गैस सिलिंडर लेने जाने पर एजेंसी के कर्मचारी यह भी नहीं बताते कि आखिर गैस कब मिलेगी। बुधवार को उपभोक्ता गैस एजेंसी पहुंचे, लेकिन सिलिंडर नहीं होने की जानकारी होते ही उनमें नाराजगी बढ़ गई।
उपभोक्ताओं ने मार्ग पर गैस सिलिंडर रखकर जाम लगा दिया। इससे कुछ देर के लिए राजनपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक से वार्ता की और उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से गैस वितरण शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
एसडीएम जीत सिंह राय ने बताया कि सप्लाई इंस्पेक्टर को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। जांच के दौरान एजेंसी पर गैस सिलिंडरों का स्टॉक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जैसे ही गैस सिलिंडरों की नई खेप पहुंचेगी, उन्हें उपभोक्ताओं को वितरित कराया जाएगा।