ओसीएफ के स्पोर्ट्स कांपलेक्स में अखिल भारतीय आयुध एवं आयुध उपस्कर निर्माणियों का अंतरक्षेत्रीय कबड्डी टूर्नामेंट शुरू हो गया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला ईस्ट जोन और नार्थ जोन के बीच हुआ। उम्मीद से हल्के चले इस मुकाबले में दर्शक खेल का भरपूर आनंद नहीं ले सके। शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाने वाली नार्थ जोन टीम ने इस मुकाबले को इकतरफा बनाते हुए ईस्ट जोन को 14 के मुकाबले 56 अंकों के भारी अंतर से पराजित कर अन्य टीमों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। उत्तर क्षेत्र की टीम इतनी उत्साह में थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि मैच शुरू होते ही चंद मिनटों में ही उसने पूर्वी क्षेत्र को आल आउट कर भारी बढ़त बना ली थी। विजेता टीम की ओर से वीरेंद्र सिंह, बलवीर सिंह, छत्तर सिंह, अमर सिंह, सियाराम, नरेंद्र का खेल दर्शकों ने खूब सराहा।
दूसरा मुकाबला पश्चिम क्षेत्र और दक्षिण क्षेत्र के मध्य फ्लड लाइट में हुआ। यह मैच काफी रोमांचकारी रहा। दर्शकों ने दोनों टीमों के खिलाडिय़ों का भरपूर उत्साह बढ़ाते हुए आनंद लिया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमें 15-15 अंक की बराबरी पर छूटीं। रेफरीे की भूमिका उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिशन से नियुक्त नेशनल रेफरी पीसी यादव, आईए सिद्दीकी, प्रेम सिंह, शराफत अली ने निभाई। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ओईएफ समूह मुख्यालय के अपर महानिदेशक राजीव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय आयुध निर्माणियां महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्ष मनीषा अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी के सत्यनारायणा, दीपशिखा महिला कल्याण समिति की प्रभारी अध्यक्ष महालक्ष्मी सत्यनारायणा ने फीता काटकर, रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर और नारियल फोड़कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त करने के बाद मुख्य अतिथि ने सभी से खेलभावना से टूर्नामेंट सफल बनाने की अपील के साथ टूर्नामेंट आरंभ किए जाने की घोषणा की।
इस मौके पर सतरंगी छटा बिखेरने वाली आतिशबाजी और पटाखे चलाकर टूर्नामेंट में आए अतिथियों और टीमों का स्वागत किया गया। खेल अधिकारी सौरभ सिंह ने टूर्नामेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक सुकुमार रथ, सीएमओ डॉ. एके बर्मन, एसक्यूएओ कर्नल डीबीएस कुशवाहा, जेसीएफए संजय कुमार, सुशरक्षा अधिकारी कर्नल विजय कुमार समेत अन्य अधिकारी जेसीएम, कार्यसमिति, यूनियन, एसोसिएशन आदि के पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यवस्था में एमएमजेड चुगताई, राजेश कंचन, एके मौर्या, महेश चंद्र, अमर सिंह, आशीष कुमार, डब्बू सिंह, शांती सिंह आदि का योगदान रहा। सहायक कार्य प्रबंधक अनुराग यादव के संचालन में शुरू हुए टूर्नामेंट का आंखों देखा हाल एसएम अजमल ने सुनाया।
आज के मैच
ओसीएफ के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयुध एवं आयुध निर्माणियों की ऑल इंडिया कबड्डी टूर्नामेंट मंगलवार को सुबह नौ बजे सेंट्रल जोन और साउथ जोन के बीच मैच होगा। इसके बाद वेस्ट जोन और ईस्ट जोन, नार्थ जोन और सेंट्रल जोन, सेंट्रल जोन और वेस्ट जोन, साउथ जोन और नार्थ जोन के बीच मैच खेले जाएंगे।