दिन में गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों को दोपहर बाद गर्मी से राहत मिल गई। दोपहर में हुई रिमझिम बारिश से मौसम ठंडा हो गया। इसके बाद चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना कर दिया।
बीते कई दिन से लोग उमस और गर्मी से काफी परेशान थे। वहीं, बिजली के लो-वोल्टेज और कटौती अलग परेशानी का सबब थी। रविवार को तेज धूप और गर्मी से लोग बेहाल थे। दोपहर में बादल छाने लगे, करीब दो बजे के बाद हल्की बारिश हुई। इसके बाद चली हवाओं से मौसम काफी अच्छा हो गया। बूंदाबांदी बंद होने के बाद बाजारों में यकायक रौनक बढ़ी हुई नजर आई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक मनमोहन सिंह का कहना है कि सोमवार को भी बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने की संभावना है।