जलालाबाद। सीडीओ अपराजिता सिंह ने शनिवार को समाधान दिवस में जमीन पर कब्जे, राशनकार्ड तथा पेंशन से संबंधित 29 मामलों की सुनवाई की और इनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण करा दिया।
सीडीओ ने शेष शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने और जमीन संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए राजस्व ओर पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान छात्र संघर्ष समिति ने सीडीओ को ज्ञापन देकर बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर मरम्मत के लिए खाली कराए गए अनुसूचित छात्रावास में रहने की अनुमति दिए जाने की मांग की। सीडीओ ने इस मामले में एसडीएम को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में अनुराग, मनोज, अनिरुद्ध, शिवाकांत आदि छात्र शामिल रहे। संवाद
तिलहर में 47 शिकायतों में 11 का निस्तारण
तिलहर। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम सदानंद सरोज ने सीओ ज्योति यादव के सहयोग से जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 47 शिकायतें दर्ज की गईं और उनमें से 11 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। मोहल्ला बहादुरगंज की महिलाओं और युवकों ने जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पाने और इस वजह से एसआईआर के नोटिस मिलने की समस्या बताई। इस पर एसडीएम ने तत्काल लेखपाल और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को सभी पात्रों के जन्म प्रमाणपत्र तत्काल बनाकर तहसील भेजने के निर्देश दिए। संवाद