फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: जलालाबाद में 91 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर लिए फेरे, सात का हुआ निकाह

विज्ञापन
मीरानपुर कटरा में आयोजित मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह कार्यक्रम में वर को माला पहनाती वधू। संवाद
विज्ञापन
जलालाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को बरेली हाईवे के एक बरातघर में सजाए गए पंडाल में 98 जोड़े विवाह बंधन में बंध गए। इनमें सात जोड़े मुस्लिम समाज के भी शामिल हैं। मुख्य अतिथि विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने नव विवाहित युगलों को आशीर्वाद दिया। सभी जोड़ों को शासन ने निर्धारित 60-60 हजार रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजने के साथ 25 हजार रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान और उपहार भेंट किए गए।
विज्ञापन


जलालाबाद समेत कलान, मिर्जापुर व अल्हागंज क्षेत्र से 91 युवतियों का मंत्रोच्चार के बीच हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया। अल्हागंज क्षेत्र की छह तथा कलान की एक मुस्लिम युवती का शाहजहांपुर के काजी जाने आलम बरकाती ने निकाह कराया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री अनिल गुप्ता, कलान के चेयरमैन हरे नारायण गुप्ता, मिर्जापुर के ब्लॉक प्रमुख प्रियांशू रघुवंशी, ब्लाॅक प्रमुख के पति अमित सिंह, कलान के ब्लाॅक प्रमुख राहुल वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।


गर्मी और उमस से वर-वधू और रिश्तेदार हुए बेहाल
बरसात को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर लगवाया था। इस पंडाल में हवा गुजरने की कोई गुंजाइश नहीं होने से अंदर बैठे वर-वधू और उनके घरवाले व रिश्तेदार गर्मी और उमस से बेहाल हो गए। हालांकि, पंडाल के अंदर पंखे लगाए गए, लेकिन वे भी नाकाफी साबित हुए। पंडाल में मौजूद लोग हाथ के पंखे, रुमाल झलते देखे गए।
विज्ञापन


रजिस्ट्रेशन के बाद भी नहीं हो सकी शादी
डहर गांव से अपनी दादी रेशमा के साथ पहुंची नीतू का जोड़ों वाली लिस्ट में नाम न मिलने पर उन्हें लौटना पड़ा। रेशमा ने बताया कि उसके बेटे व बहू की कई साल पहले मौत हो गई है। उनके चार पौत्रियां हैं। बड़ी पौत्री नीतू के लिए उन्होंने जनपद कन्नौज के गांव कुतुआपुर निवासी लक्ष्मण के साथ शादी तय करके प्रधान के माध्यम से शादी के लिए पंजीकरण भी करवा दिया था। आज लड़के वाले भी आ गये और वह भी नीतू को लेकर पहुंच गईं, लेकिन यहां आने पर पता लगा कि उसका लिस्ट में नाम नही है।

दूसरे बरातघर में किया गया भोजन का इंतजाम
प्रशासन ने खाने के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था रोकने को कार्यक्रम स्थल पर केवल नाश्ते की व्यवस्था कराई। भोजन का इंतजाम समीप के दूसरे मैरिज लान में किया गया। हलवाई शिवम ने बताया कि 25 सौ से ज्यादा लोगों के लिए खाना तैयार किया गया। वहां खाने के स्टाल लगाए गए, लेकिन बैठकर खाने की व्यवस्था न होने के कारण महिलाओं को बहुत असुविधा हुई।


मीरानपुर कटरा में छह मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह, 90 ने लिए फेरे
मीरानपुर कटरा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को खुदागंज मार्ग के एक बरात घर में आयोजित कार्यक्रम में 96 जोड़े परिणय सूत्र बंधन में बंध गए। इनमें से 90 जोड़ों ने अग्नि के फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन दिया। छह मुस्लिम जोड़ों का काजी ने निकाह कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक वीर विक्रम सिंह ने नव युगलों को दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह ने बताया कि 104 जोड़ों ने शादी के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें विकास खंड कटरा खुदागंज के 38, जैतीपुर के 38, कलान के छह, मदनापुर के 11, कटरा नगर पंचायत के सात और खुदागंज नगर पंचायत के 4 चार जोड़े शामिल हैं। कवि इंदु अजनबी के संचालन में हुए कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष अंशुल कुमार गुप्ता, पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र कुमार गुप्ता, भाजपा नेता सर्वेश कश्यप, एसडीएम डॉ. रवींद्र कुमार, तहसीलदार जयप्रकाश यादव, सीएचसी के अधीक्षक डॉ. फैजान खां, क्षेत्र के ग्राम प्रधान आदि मौजूद रहे। संवाद


भीषण गर्मी में खुले स्थान पर लगा मेडिकल कैंप

मीरानपुर कटरा। सामूहिक विवाह समारोह के लिए बुधवार को बरात घर में सजाए गए पंडाल में स्वास्थ्य विभाग को कैंप के लिए स्थान नहीं मिल सका। इस कारण विभाग की टीम को भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे कैंप लगाकर मरीजों का परीक्षण और दवा वितरण करना पड़ा। इस दौरान डॉ. इरफान अली खां, डॉ. भगवान दीन, राजीव शर्मा आदि ने लगभग 100 मरीजों का उपचार किया। बुखार और डायरिया से पीड़ित मरीजों को ओआरएस के पैकेट भी दिए गए। संवाद


बगैर सहालग करा दी गई शादी
आठ जून से सहालग खत्म हो गई थी। इसके बावजूद 25 जून को शादी समारोह आयोजित करा दिया गया। श्रीरुद्र बालाजी धाम के पं. कान्हाकृष्ण शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में बृहस्पति अस्त चल रहे हैं। इसके चलते विवाह अथवा किसी भी शुभ कार्य के लिए मुहूर्त नहीं है। समारोह स्थल पर इस संबंध में लोग चर्चा करते नजर आए। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि शादियाें के लिए जनता से सहमति ली गई थी। सभी ने गरीबी का हवाला देकर रजामंदी दी थी। जनप्रतिनिधियों से भी राय ली गई थी।


सामूहिक विवाह में भीषण गर्मी से परेशानी, खाना खाकर बिगड़ी कुछ लोगों की तबीयत
- मीरानपुर कटरा में कुछ लोगों की तबीयत खराब होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भरे नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा में सामूहिक विवाह समारोह में बने भोजन को खाने के बाद कुछ लोगों की हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण कुमार ने भोजन के कई सैंपल सील करके उन्हें जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। वहीं, जलालाबाद और मीरानपुर कटरा में 194 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा।
कार्यक्रम स्थल पर भोजन तैयार करने के लिए शाहजहांपुर के जलालनगर से दीपक सिंह को बुलाया गया था। कार्यक्रम खत्म होते ही खाना खाने के लिए लगे स्टॉल पर एक साथ लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खाना खाने के बाद अमित कुमार, मनोज कुमार, सुरेश कुमार आदि को उलटियां होने लगीं। इस पर वहां मौजूद पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को कई लोगों के खाना खाकर बीमार होने की जानकारी दी। बाद में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने खाने के पंडाल से 16 सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि मशरूम, कढ़ी, पनीर, दही, बेसन, चावल, हलुआ, सूजी, मैदा आदि नमूने लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर तय होगा कि भोजन में गड़बड़ी थी या नहीं।

मीरानपुर कटरा में खाना खाने से किसी के बीमार होने की सूचना नहीं है। यह अफवाह है। खाद्य का नमूना भी चेक कराया गया। - राजेश शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी

मीरानपुर कटरा में आयोजित मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह कार्यक्रम में वर को माला पहनाती वधू। संवाद

मीरानपुर कटरा में आयोजित मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह कार्यक्रम में वर को माला पहनाती वधू। संवाद

मीरानपुर कटरा में आयोजित मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह कार्यक्रम में वर को माला पहनाती वधू। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें