भगवानदास, जिनको दरोगा ने बता दिया मृत
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। दुकान पर कब्जे के विवाद में की गई शिकायत की जांच में पुवायां थाने के दरोगा ने जीवित व्यक्ति को मृत दर्शाते हुए रिपोर्ट लगा दी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने इस मामले में आंदोलन की चेतावनी दी है।
मोहल्ला कमलबाग निवासी संतोष कुमार की पत्नी दुर्गा देवी ने अपनी दुकान को कब्जा मुक्त कराने की मांग करते हुए आईजीआरएस पोर्टल और एसपी से शिकायत की थी। मामले की जांच पुवायां थाने के दरोगा राकेश कुमार सिंह ने की थी। जांच में दरोगा ने लिखा कि दुर्गा देवी के ससुर भगवानदास ने एक दुकान किराए पर दी थी। भगवानदास की मौत हो चुकी है। भगवानदास की मौत के बाद उनके पुत्र और शिकायतकर्ता के पति संतोष कुमार किराया ले रहे हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
भगवानदास ने एसपी सहित कई अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया कि वह जीवित हैं लेकिन दरोगा ने उनको मृत बताकर रिपोर्ट लगा दी है। भाकियू तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने डीएम को संबोधित ज्ञापन में भगवानदास के जीवित होने के बाद भी मृत दर्शाने को गंभीर मामला बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। दरोगा राकेश कुमार सिंह का कहना है कि परिवार के लोगों के बताए अनुसार उन्होंने भगवानदास की मौत हो जाने की रिपोर्ट लगाई थी।