तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 11 के छात्र की मां ने स्कूल के प्रबंधक लाइजू पर बच्चे से मारपीट करने और गलत व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं स्कूल प्रबंधक ने आरोपों को निराधार बताया है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। आरोप है कि जब से नए प्रबंधक लाइजू स्कूल में आए हैं, उनके बेटे से गलत व्यवहार किया जा रहा है। उसको मारते-पीटते हैं। बेटा मानसिक रूप से बहुत परेशान है जिसकी वजह से वह पढ़ाई भी नहीं कर पा रहा।
उसे स्कूल से निकालने की धमकी देते हैं। उधर विद्यालय प्रबंधक लाइजू ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि छात्र दूसरे बच्चों से मारपीट करता है। कई बार उसे समझाया, डांटा लेकिन वह बाज नहीं आ रहा। परिजनों से भी शिकायत की गई। बाद में उसे स्कूल से टर्मिनेट कर दिया गया है। बच्चे की मां द्वारा लगाए जा रहे आरोप स्कूल को बदनाम करने की साजिश है।