निगोही में एनपीएल में शॉट लगाता खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
निगोही। पुवायां मार्ग की राइस मिल के मैदान पर निगोही प्रीमियर लीग (एनपीएल) टूर्नामेंट में बुधवार को किंग्स इलेवन और सुपर किंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। क्रिकेट मैच की अंतिम गेंद तक जीत का पलड़ा लगातार बदलता रहा, लेकिन अंत में किंग्स इलेवन ने सुपर किंग्स को दो रन से हराकर बाजी मार ली। मैच में जीत के नायक बने अजीत सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 174 रनों का स्कोर खड़ा किया। अजीत सिंह ने 26 गेंद पर आठ चौकों और एक छक्का लगाकर 52 रन की तूफानी पारी खेली। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग्स की टीम भी पूरे 20 ओवर खेली, लेकिन सात विकेट पर 172 रन ही बना सकी।
निगोही सुपर किंग्स के कप्तान परीक्षित तेवतिया ने मैच की सबसे शानदार पारी खेली। उन्होंने महज 59 गेंद पर नौ छक्के और पांच चौके लगाकर 108 रन बनाए, लेकिन उनकी शतकीय पारी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही।
मैच में विजेता टीम के अजीत सिंह ने हरफनमौला प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। बल्लेबाजी करने के बाद दूसरी पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में केवल 19 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। विजेता टीम के शबाब भी गेंदबाजी में चमके। उन्होंने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए। अंत में एनपीएल के चेयरमैन नदीम खां ने मैन ऑफ द मैच अजीत सिंह को पुरस्कृत किया।
क्राउन वॉरियर्स ने फाइनल में किया प्रवेश
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग के तत्वावधान में शाहजहांपुर क्रिकेट क्लब लीग के दूसरे सेमीफाइनल में क्राउन वॉरियर्स ने शाहजहांपुर वॉरियर्स को 89 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर क्राउन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रन बनाए। इसमें सर्वाधिक कप्तान मयंक ने 50 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शाहजहांपुर वॉरियर्स की टीम 118 रन पर आउट हो गई। इसमें सर्वाधिक फैजान ने 46 रन बनाए। क्राउन वॉरियर्स के गेंदबाज सुबोध ने पांच विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच सुबोध को घोषित किया। अंपायर रिजवान व दिनेश शर्मा थे। आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल 12 जनवरी को खेला जाएगा। संवाद