शाहजहांपुर। भीषण गर्मी के कारण उल्टी-दस्त और सिरदर्द के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। धूप में रहने वाले कामकाजी लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक मरीजों को इलाज के साथ ही खानपान पर विशेष ध्यान देने और धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं।
लगातार पारा बढ़ने और तेज धूप से लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। उल्टी-दस्त, पेट और सिर में दर्द, चक्कर आने की दिक्कत बढ़ी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। 12 मई को ओपीडी में 1562, 13 मई को 1233, 14 मई को 1401, 15 मई को 1469, 16 मई को 1338 पर्चें बने।
17 मई को रविवार की छुट्टी के बाद 18 मई को 1745 और 19 मई को 1680 पर्चे बने। चिकित्सकों के अनुसार, धूप में अधिक सक्रिय रहने वाले कामकाजी लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार के अनुसार, खानपान पर विशेष ध्यान दें। मौसमी फलों का सेवन करें। तला-भुना मसालेदार खाने से परहेज करें। पानी खूब पिएं।
पुराने ट्राॅमा सेंटर पहुंच रहे मरीज
मेडिकल कॉलेज में ट्राॅमा सेंटर के विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है। इस कारण पुराना ट्राॅमा सेंटर सौ बेड नई बिल्डिंग के पास स्थानांतरित कर दिया गया है। आए दिन तीमारदार मरीज लेकर पुराना ट्राॅमा सेंटर पहुंच जाते हैं। जानकारी होने पर नए ट्राॅमा सेंटर पहुंच रहे हैं।
इन बातों का ख्याल रखें
- खाली पेट न रहें और थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें।
- धूप में बाहर जाते वक्त सिर ढककर रखें, सूती कपड़े पहनें।
- तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, खीरा, ककड़ी अधिक खाएं।
- दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में जाने से बचें।
(जैसा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया)