शाहजहांपुर। लगातार बढ़ रहे तापमान के चलते स्वास्थ्य पर खराब असर पड़ने लगा है। दिन में तेज धूप, फिर शाम और सुबह हल्की सर्दी की वजह से लोग बुखार, खांसी, जुकाम समेत कई तरह के रोगों की चपेट में आ रहे हैं।
सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों तक मरीजों की संख्या में इजाफा भी हुआ है। डॉक्टर भी सावधानी बरतने पर जोर दे रहे हैं, लेकिन दिन में गर्मी होने पर लोगों ने ठंडा पानी और कोल्डड्रिंक पीनी शुरू कर दी है। इस वजह से तबियत बिगड़ रही है। लापरवाही की वजह से लोगों को बुखार, खांसी और जुकाम ने घेर लिया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में ओपीडी 1500 के पार पहुंच गई। मंगलवार को 1550 मरीजों ने नए पर्चे बनवाए, जबकि सोमवार को सबसे अधिक 1610 नए मरीज आए थे। प्राचार्य डाॅ. राजेश कुमार ने बताया कि इस समय बच्चों से लेकर बड़े तक बुखार, खांसी व जुकाम से पीड़ित हैं। ओपीडी में सबसे 70 प्रतिशत तक यही समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं।
सर्दी से बचें...गर्म कपड़ों से न बनाएं दूरी
-मौसम में बदलाव होने की वजह से खांसी या जुकाम होने पर भाप लेने पर राहत मिल जाएगी। इसी तरह गुनगुना पानी पीयें और गर्म कपड़ों से दूरी नहीं बनाए। डॉक्टर के परामर्श से ही दवा लें। ठंडा पानी पीने से भी परहेज करें, यह नुकसानदायक हो सकता है।
पीएचसी में पहुंच रहे 150 से अधिक मरीज
-पुराने जिला अस्पताल स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जली कोठी में मरीज बढ़ गए हैं। यहां पर रोजाना ही 150 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। जिसमें सबसे ज्यादा बुखार से पीड़ित हैं। मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ.आलोक सिंह ने 160 मरीजों का परीक्षण कर दवा दी है।