निगोही कस्बे के आदर्श इंटर कॉलेज चौराहे पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
निगोही। कस्बे के बीच से निकले लिपुलेख-भिंड हाईवे के आदर्श इंटर कॉलेज वाले चौराहे पर आड़े-तिरछे खड़े होने वाले डग्गामार वाहन यातायात में बाधक बन रहे हैं। यात्री बैठाने की होड़ में चौराहे पर सुबह से शाम तक ई-रिक्शा, ऑटो, टाटा मैजिक आदि वाहनों का जमावड़ा लगा रहने से हाईवे पर अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
कस्बे के बीच हाईवे के हमजापुर चौराहे से लेकर कैमुआ नाला के पुल तक करीब डेढ़ किमी के दायरे में कई जगह दिनभर वाहन खड़े रहते हैं। हमजापुर चौराहा पर जाम की समस्या खत्म करने के लिए वहां पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस ने वहां से डग्गामार वाहनों को खदेड़ना शुरू किया तो उनके चालक अपने वाहन लेकर आदर्श इंटर कॉलेज के चौराहे पर डेरा जमाने लगे हैं। चौराहे पर तमाम दुकानदार पहले से ही फुटपाथ घेरकर वहां अपना सामान रख रहे हैं। वहीं पर बाइकें, ई-रिक्शा, ऑटो आदि वाहन रोक दिए जाने से हाईवे पर वाहनों के आवागमन को ज्यादा जगह नहीं बचती और वहां जाम लग जाता है।
कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने के फुटपाथ पटरी दुकानदारों को किराये पर दे रखे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभियान चलाकर दो दिन के अंदर समस्या दूर कर दी जाएगी। संवाद