शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी जिले में संचालित अवैध वाहन स्टैंड पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह शिकंजा नहीं कस पाया। सत्ताधारियों के संरक्षण में एक बार फिर से वसूली का खेल शुरू हो गया है। शहर से लेकर देहात तक अवैध रूप से संचालित स्टैंड में वाहनों से वसूली की जा रही है। जगह-जगह वाहन खड़े होने से लोगों को जाम से भी जूझना पड़ता है।
प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 मई को आदेश दिया था कि 48 घंटे के अंदर सभी अवैध टैक्सी स्टैंड हट जाने चाहिए। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद एआरटीओ के साथ ही पुलिस ने अभियान चलाकर अवैध रूप से चल रहे टैक्सी स्टैंड खत्म कराए थे। अभियान के थमने के साथ ही एक बार फिर से जिले में अवैध टैक्सी स्टैंड शुरू हो गए हैं। शहरी क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे से लेकर बरेली मोड़ तक कई जगहों पर वाहन स्टैंड बने हुए हैं। स्टैंड पर ऑटो, ई-रिक्शा और डग्गामार वाहनों से वसूली अभियान शुरू हो गया है। नेताओं के संरक्षण में तमाम गाड़ियां सड़कों पर दौड़ रही हैं। कुछ नेताओं के गुर्गे भी वसूली में लगे हुए हैं।
जलालाबाद में नेता जी के संरक्षण में अवैध स्टैंड
जलालाबाद में सत्ता पक्ष के एक नेता के संरक्षण में अवैध रूप से स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। पहले विपक्षी नेता के कुछ लोग स्टैंड से वसूली करते थे। शासन की सख्ती के बाद पुलिस ने स्टैंड को खत्म करा दिया। इसके बाद सत्ता पक्ष के नेता के करीबियों ने अवैध स्टैंड से वसूली शुरू करा दी। पहले टैक्सी स्टैंड को खत्म कराने वाले एक थाना प्रभारी ने जब वसूली दोबारा बंद करा दी तो थाना प्रभारी का तबादला हो गया। लोग तबादले में नेताजी की भूमिका की चर्चा खूब करते हैं। अब धड़ल्ले से टैक्सी स्टैंड में वसूली हो रही है।
शहर में कई जगह पर चल रहा वसूली का खेल
ड्राइवरों की मानें तो रोडवेज बस अड्डे से कुछ दूरी पर पार्किंग और पुलिस लाइन के पास अहाता डग्गामार वाहनों के लिए तय है। इसी पार्किंग से वाहनों को संचालित किया जा सकता है। इसके बाद भी पुलिस के संरक्षण में वाहनों को जगह-जगह खड़ा कर सवारियों को भरकर जाम लगाया जा रहा है। पुलिस लाइन के सामने, रोडवेज वर्कशॉप, जीआईसी रोड, निगोही रोड आदि पर वाहन खड़े कराकर संचालन कराया जा रहा है। पुवायां रोड पर डग्गामार वाहनों से वसूली की जा रही है। इसके अलावा बरेली मोड़ पर स्टैंड पर वसूली का खेल चल रहा है। हरदोई बाईपास में भी अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित हो रहा है। इन स्थानों पर पुलिस पिकेट भी रहती है लेकिन वसूली करने वाले नहीं मान रहे। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने निजी एंबुलेंस से वसूली हो रही है।
बरेली मोड़ पर संचालित हो रहीं अवैध बसें
अवैध रूप से चलने वाली बसों पर भी एआरटीओ और पुलिस रोक नहीं लगा पाए हैं। बरेली मोड़ और हरदोई बाईपास पर अवैध रूप से बसों का संचालन जाता है। टूर एंड टूरिस्ट सर्विस के बहाने दिल्ली तक संचालित होने वाली बसें रोडवेज बसों की तरह चलाई जा रही हैं।
सौ रुपये चार पहिया व 40 रुपये ई-रिक्शे के तय
पार्किंग के ठेके के नाम पर ठेकेदार के गुर्गे घूमकर वाहनों से वसूली करते हैं। वह सौ रुपये चार पहिया वाहन व 40 रुपये ई-रिक्शों से वसूलते हैं। कई स्थानों पर ई-रिक्शों से 40 रुपये लेकर 20 रुपये की स्लिप भी दी जाती है।
जिले में कोई अवैध स्टैंड संचालित नहीं हो रहा है। स्टैंड उसे कह सकते हैं, जहां पर अवैध रूप से वसूली की जाती है। यदि कहीं से कोई सूचना आती है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। - संजय कुमार, एसपी सिटी