तिलहर में हो रही प्लाटिंग का निरीक्षण करते एसडीएम दुर्गेश यादव और नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी
तिलहर। डीएम के निर्देश पर नगर क्षेत्र में हो रही प्लाॅटिंग का अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। शाहजहांपुर से पहुंचे एसडीएम दुर्गेश यादव ने अधिकांश प्लाॅटिंग को अवैध करार देते हुए डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
कस्बे में अवैध रूप से प्लाॅटिंग की शिकायत कुछ लोगों ने डीएम से की थी। डीएम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए शाहजहांपुर से एसडीएम दुर्गेश यादव के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की। मंगलवार को एसडीएम दुर्गेश यादव, नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी, लेखपाल अतुल चौधरी पुलिस टीम के साथ नगर क्षेत्र एवं उसके आसपास के क्षेत्र में हो रही प्लाॅटिंग पर पहुंचे। एसडीएम दुर्गेश यादव ने बताया कि बरखेड़ा जयपाल मार्ग पर सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल के निकट बिना मानक के अवैध रूप से प्लाॅटिंग किया जाना पाया गया। हाईवे के निकट एवं जैतीपुर मार्ग पर कई स्थानों पर बिना मानक के अवैध रूप से प्लाॅटिंग की जा रही है। एसडीएम ने बताया कि प्लाॅटिंग करने वालों को कागजात दिखाने को बुलाया गया। ये लोग मानक के अनुरूप कोई भी कागज नहीं दिखा सके। उन्होंने डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।