बुधवाना में तेल के प्रतिष्ठान पर नमूना लेती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर/कलान। खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली पर अभियान की बृहस्पतिवार से शुरुआत कर दी। पहले दिन टीम ने सात नमूने लिए। बगैर लाइसेंस के चल रही कचरी फैक्टरी को बंद करवाया गया। साथ ही मैदा और कचरी का नमूना भी लिया गया। इसके अलावा संदिग्ध सरसों के तेल के दो नमूने भरकर मौके पर मिले तेल को सीज कर दिया गया।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा अभियान शुरू किया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में कलान में सलीम कचरी फैक्टरी पर छापा मारा गया। खाद्य सुरक्षा टीम को मौके पर काफी खामियां मिलीं। मौके से मैदा का एक और कचरी का एक नमूना लिया गया। फैक्टरी को बंद करा दिया गया। वहीं, फैक्टरी मालिक सलीम को नोटिस दिया गया है।
अरुण यादव की डेयरी से दूध का एक नमूना, दीक्षा ट्रेडिंग कंपनी बुधवाना से सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए। यहां पर 260 लीटर तेल सीज किया। मदनापुर रोड पर शिव पनीर भंडार से उड़द की दाल और बेसन का नमूना भरा गया।
-
पिछले तीन सालों में लिए गए नमूने
वर्ष नमूने फेल
2022 30 17
2023 36 23
2024 38 21
पिछले तीन वर्षों में जो भी नमूने लिए गए हैं। उनके फेल होने पर मुकदमा पंजीकृत कराकर जुर्माना लग चुका है। वर्ष 2024 के कुछ मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं। अभियान होली तक लगातार चलेगा। इसके बाद भी विभाग कार्रवाई करता रहेगा।
- चंद्र शेखर मिश्रा, सहायक उपायुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग