जीएफ कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट टूर्नामेंट का फीता काटकर उद्घाटन करते सांसद अरुण कुमार सागर व अन
शाहजहांपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता निर्भय चंद्र सेठ उर्फ जापान बाबू की स्मृति में शुक्रवार को क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। जीएफ कॉलेज के मैदान पर उद्घाटन मैच चौधरी अकादमी पुवायां बनाम आईके मस्टेलियन टीम के बीच खेला गया। इसको आईके मस्टेलियन टीम ने 126 रनों से जीत लिया।
आईके मस्टेलियन की टीम ने 20 ओवर में 260 रन बनाए। खिलाड़ी शिव कुमार राठी ने 11 चौकों व छह छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। हर्ष राना ने 51, अब्दुल जीशान ने 25 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौधरी अकादमी पुवायां के खिलाड़ी दस ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गए। शिव कुमार राठी को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा सांसद अरुण कुमार सागर ने फीता काटकर व बैटिंग करके किया। ददरौल विधायक अरविंद सिंह, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह व एसपी राजेश एस. ने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाया। आयोजक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शनिवार को लखीमपुर व शाहजहांपुर की टीमों के बीच खेला जाएगा।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, महापौर अर्चना वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव आदि मौजूद रहे।