पुवायां में बैठक में शामिल कैमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। सिपाहियों के मेडिकल स्टोर पर लाइसेंस और दवाओं के चेक करने के मामले में सोमवार को केमिस्ट एसोसिएशन की बैठक में रोष जताया गया। बैठक के बाद सीओ को ज्ञापन देकर जांच कराने और दोषी सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव पास किया गया। सिपाही नहीं हटे तो पुवायां के सभी मेडिकल स्टोर बंद कर हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि पुवायां थाने का एक चर्चित सिपाही अक्सर अपने कारनामों को लेकर चर्चा में रहता है। सिपाही एक महीने पहले एक मेडिकल स्टोर पर दवाएं चेक करने पहुंच गया था। रविवार को फिर से सिपाही अपने एक अन्य साथी सिपाही के साथ दो मेडिकल स्टोरों पर पहुंचा और लाइसेंस दिखाने को कहा। सिपाही दवाएं भी चेक करने लगा। सोमवार को केमिस्ट एसोसिएशन की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में सिपाहियों की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताते हुए निर्णय लिया गया कि मामले की जानकारी अधिकारियों को देकर जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी। सीओ से वार्ता पर उन्होंने मंगलवार को मिलने की बात कही। इसके बाद प्रस्ताव पास किया गया कि मंगलवार को सीओ को ज्ञापन देकर दोषी सिपाही हटाने, जांच कर कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। कार्रवाई नहीं होने पर दवा व्यापारी हड़ताल करेंगे।
सभी दवा व्यापारी मंगलवार को सीओ को ज्ञापन देंगे। सिपाहियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। व्यापारी हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हम आंदोलन को तैयार हैं।
पवन मिश्रा, महामंत्री व्यापार मंडल पुवायां
बैठक में दोषी सिपाही पर कार्रवाई के लिए सीओ को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया है। कार्रवाई नहीं हुई तो दवा व्यापारी हड़ताल करेंगे। यदि कोई शिकायत होती है तो ड्रग इंस्पेक्टर को बुलाकर जांच करानी चाहिए थी।
संचित सिंह, अध्यक्ष केमिस्ट एसोसिएशन पुवायां
----------
प्रकरण संज्ञान में आया है। केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से जो ज्ञापन मिलेगा, उसकी जांच कराई जाएगी। जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीएस वीरकुमार, सीओ पुवायां