बैंक प्रबंधकों के खिलाफ की नारेबाजी, पुलिस ने खुलवाया जाम
बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की क्षेत्रीय शाखाओं में एक सप्ताह से कैश नहीं है। दस दिन से किसानों के विड्राल फार्म जमा हैं, किंतु उन्हें भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे परेशान किसानों ने शुक्रवार को तारापुर तिराहे पर बैंक प्रबंधकों के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए मुरादाबाद-फर्रुखाबाद और जलालाबाद स्टेट हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने लगभग एक घंटे बाद जैसे-तैसे जाम खुलवाया।
क्षेत्र में बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की जरीनपुर, सिंगहा युसुफपुर, पृथ्वीपुर ढाई तथा कीलापुर (मिर्जापुर) शाखाएं हैं। इनमें एक सप्ताह से कैश नहीं आया है जिससे लोगों को रोजमर्रा के खर्च चलाने में भी दिक्कत आने लगी है। शुक्रवार को भी बैंकों में नो कैश के बोर्ड देखकर लोगों के सब्र का बांध टूट गया। सैकड़ों लोगों ने भाकियू नेता उदयवीर यादव तथा सुरजीत कुमार के नेतृत्व में तारापुर तिराहे पर जाम लगा दिया।
भाकियू नेता उदयवीर सिंह यादव, रामकिशोर, ईशपाल, कुसुमलता, रामनिवास, रमेश, धर्मपाल, रामदेवी, गंगादेवी, किशोरी देवी आदि ने बताया कि उनके विड्राल फार्म 29 नवंबर से बैंक की जरीनपुर शाखा में जमा हैं, किंतु उन्हें भुगतान नहीं मिल रहा है। आरोप है कि बैंक स्टाफ रसूखदारों को भुगतान दे रहा है जबकि आम लोगों को कैश नहीं होने की बात कहकर टरका रहा है।
हाईवे पर जाम लगने की सूचना पर थानाध्यक्ष धनंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगाए लोगों को समझाया कि यह राष्ट्रव्यापी समस्या है। इस तरह जाम लगाकर राहगीरों को परेशान करना ठीक नहीं है। थानाध्यक्ष के समझाने पर भी जाम नहीं खोले जाने पर पुलिस ने भाकियू नेता उदयवीर यादव तथा सुरजीत कुमार को पकड़कर थाने भेज दिया। नेताओं के हटते ही भीड़ छंट गई और जाम खुल गया। थाने आने पर एसओ ने भाकियू नेताओं को कानून व्यवस्था का वास्ता देकर जाम न लगाने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
एक सप्ताह से बैंक मे कैश नहीं आया है। पिछले सप्ताह दो लाख रुपये आये थे, जो बांट दिए गए। यही हाल क्षेत्र की बाकी बैंक शाखाओं का है।
- खालिद अख्तर सहायक प्रबंधक, बड़ौदा उप्र ग्रामीण बैंक जरीनपुर