शाहजहांपुर। औद्योगिक क्षेत्र जमौर में यूपीएसआईडीसी की बदहाल व्यवस्था के चलते उद्यमी परेशान हैं। तमाम शिकायतों के बाद शुक्रवार को यूपीएसआईडीसी मेंटीनेंस विभाग के अधिशासी अभियंता और जेई ने उद्योगपतियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
जून में जिला उद्योग बंधु बैठक में शिकायत संज्ञान में आने पर सीडीओ प्रेरणा शर्मा ने यूपीएसआईडीसी मेंटीनेंस विभाग के कार्यपालक अभियंता को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को लखनऊ से आए विभाग के अधिशासी अभियंता राजकमल सिंह और जेई प्रमोद कुमार को आईआईए चैप्टर चेयरमैन शुभम खन्ना और सचिव रोहित गोयल सहित जमौर यूपीएसआईडीसी ग्रोथसेंटर के मुकेश अग्रवाल, गौरव माहेश्वरी आदि उद्यमियों सहित मुआयना कराया गया। शुभम खन्ना ने बताया कि नालियों के सड़क से बहुत नीचे होने के कारण और निरंतर पानी के रुके रहने के कारण हर साल बारिश में पानी इकाई के अंदर घुस जाता है।
नालियां बेकार हो चुकी हैं और दोबारा सड़क के हिसाब से बननी चाहिए। क्षेत्र में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। जो पहले थीं, वो सब चोरी हो चुकी हैं। सड़कों पर झाड़ियां उगी हैं और गड्ढे बने हुए हैं। गांव के लोगों द्वारा अवैध खोखे आदी लगा दिए गए हैं जो वहां की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सही नहीं हैं।
पांच हाईमास्ट लाइट और मुख्य सड़क पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की मांग की गई है। क्षेत्र से लगे हुए इंडेन गैस प्लांट के गैस टैंकरों ने ग्रोथ सेंटर की सड़कों का प्रयोग अवैध पार्किंग के रूप में किया हुआ है। इससे यूनिटों में आने-जाने वाले ट्रकों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है । जिला उद्योग केंद्र से उद्यमियों का पक्ष रखने जीएम डीआईसी से दुर्गेश कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस विषय पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने पर जोर डाला। नाली की समस्या के निराकरण के लिए तुरंत प्रभाव से सभी नालियों की पूर्ण सफ़ाई और मेन रोड की नालियों का पुन: सड़क के स्तर से निर्माण विभाग में प्रस्तावित करने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा अन्य बिंदुओ पर सोमवार तक पत्र तैयार कराकर मुख्यालय भेजने का आश्वासन दिया है। संवाद