हरदोई के थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव कालागाड़ी निवासी धर्मवीर की पत्नी सुशीला ने जलालाबाद थाने में तहरीर दी। उन्होंने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बेटी प्रीति की शादी करीब एक साल पहले गांव गुनारा निवासी अजय के साथ की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। बेटी के ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। बाइक की मांग को लेकर बेटी को परेशान कर रहे थे। यह बात बेटी ने फोन पर बताई थी। इसके बाद बेटी को मायके बुलवा लिया था, फिर एक जून को दामाद अजय बेटी की विदा करा लाया था।
शुक्रवार को सूचना मिली कि दामाद अजय, उसके भाई विजय, भाभी रेशमा, ननद बिट्टो, बहनोई मुकेश तथा बेटी की शादी कराने वाले रामविकास ने मिलकर बेटी की हत्या कर दी। प्रीति गर्भवती थी। इसके बाद समधी को फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। देर शाम परिवार के लोगों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे। देखा बेटी खून से सनी चारपाई पर पड़ी थी। उसका गला कटा हुआ था। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हर पहलू पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
बाइक की जगह ले ली थी सोने की चेन
परिजनों ने बताया कि दामाद बेटी से फोन पर बात नहीं करता था। फोन काट देता था। बेटी परेशान थी, लेकिन बताती नहीं थी। अभी कुछ दिन पूर्व ही उसने परेशान करने की बात बताई थी। परिजनों ने बताया कि शादी के समय बाइक दे रहे थे, लेकिन दामाद सोने की चेन मांगने लगा। इसलिए बाइक न देकर सोने की चेन दी थी। अब कुछ समय से दामाद दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर प्रीति को मार दिया। परिजनों ने बताया कि प्रीति तीन बहनों में बड़ी थी। प्रीति की मौत से उसकी छोटी बहन रीता, अराध्या व भाई दीपक का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।