शाहजहांपुर। शादी में कम दहेज मिलने व बेटी के जन्म के बाद शौहर ने बीवी को तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर लिया। गर्भवती होने पर उपचार न कराने और त्योहार पर नए कपड़े न बनवाकर देने का आरोप है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला ने तहरीर देकर बताया कि 31 अगस्त को महमंद जंगला निवासी युवक से उसका निकाह हुआ था। निकाह के समय ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह बाइक और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मेहमानों के समझाने पर निकाह कर ली, लेकिन मांग खत्म नहीं हुई। इस बीच उसने बेटी को जन्म दिया।
आरोप है कि रोज शराब पीकर आने के बाद शौहर उसे पीटता था। कमाई को जुआ और शराब में उड़ा देता था। त्योहार पर नए कपड़े तक नहीं बनवाए और भरपेट खाना तक नहीं दिया। महिला के तहरीर में बताया कि बरात के समय दिल्ली में ई-रिक्शा चलाने व किराने की दुकान होने की बात कही थी। 15 अक्तूबर को गर्भावस्था होने पर दिल्ली में मायके में पहुंचा दिया। शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में बेटी के जन्म के बाद भी पति नहीं आया। आरोप है कि काफी बुलाने पर ससुराल आए पति ने तीन तलाक दे दिया। सदर इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना को शुरू कर दिया गया है।