तिलहर। क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला ने सऊदी अरब में रह रहे पति पर फोन कॉल कर तलाक देने के साथ ही देवर पर दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि एक मार्च को उनका निकाह हुआ था। शादी के करीब 15 दिन बाद उनके पति सऊदी अरब नौकरी करने के लिए चले गए। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही सास-ससुर, ननद और देवर उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे।
आरोप है कि देवर ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। आरोप है कि 31 जनवरी को पति ने फोन पर उसे तलाक दे दिया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।