शाहजहांपुर। रेलवे में कार्यरत लिपिक की पत्नी ने पति पर स्टेशन स्थित कार्यालय में बंधक बनाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि शराब के नशे में आरोपी ने उसे यातनाएं भी दीं।
स्टेशन के एक कर्मचारी का पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा है। दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, दोनों एक वर्ष तक सहमति संबंध में साथ में रहे। शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसका यौन शोषण किया। पुलिस में शिकायत करने पर जून में आर्य समाज मंदिर में शादी की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाता है। इन्कार करने पर उसने रेलवे क्वार्टर में आना बंद कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गत दिनों आरोपी ने उसे रेलवे कार्यालय बुलाया और वहीं पर बंधक बना लिया। रातभर शराब के नशे में शारीरिक संबंध बनाते हुए यातनाएं दीं। पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। तब पुलिस ने बंधनमुक्त कराया। उसके बाद इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाते समय मारपीट की। पीड़िता की तहरीर पर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुरादाबाद तक पहुंची बात, पीड़िता ने दिए थे बयान
रेलकर्मी से विवाद के बाद पीड़िता ने मुरादाबाद तक शिकायत की थी। इसके आधार पर गत दिनों मुरादाबाद से आए वेलफेयर इंस्पेक्टर ने पीड़िता के बयान दर्ज किए थे।
शाहजहांपुर स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारी से संबंधित पारिवारिक विवाद के संबंध में स्टेशन अधीक्षक ने मंडल कार्यालय को सूचित किया है। मामले की मंडल स्तर पर जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-महेश यादव, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद
पति-पत्नी के मध्य विवाद चल रहा है। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- ऋषिकेश यादव, सीओ जीआरपी