शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मौजमपुर निवासी परमेश्वर के पुत्र अजीत वर्मा (32) ने फंदे से लटककर जान दे दी। उनका खाना समय से न बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद ससुराल में रिश्ते के सालों ने उन्हें पीट दिया। परिजनों ने बताया कि इससे अजीत आहत थे।
हरदोई में सांडी चौराहे के पास अजीत का मेडिकल स्टोर है। वह भौराजपुर स्थित ससुराल में परिवार के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि बहू आशा देवी सुबह जल्दी खाना नहीं बनाती थी। इसके चलते बिना नाश्ता किए ही अजीत को मेडिकल स्टोर पर जाना पड़ता था। दोपहर में टिफिन आने पर ग्राहकों की भीड़ अधिक होती थी। इससे वह खाना नहीं खा पाते थे।
रविवार को देर से खाना बनाने को लेकर दंपती में विवाद हो गया। नाराज होकर अजीत ने अपनी पत्नी को पीट दिया। तभी उसके रिश्ते के साले ने आकर बहनोई को पीट दिया। परिवार के अन्य लाेगों ने बीचबचाव कराया था। शाम को दिवाली के त्योहार के चलते अजीत परिवार के साथ घर आ गया। ससुराल से आने के बाद वह काफी गुमसुम था।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह अपने घर से निकल गया। देर रात तक नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। सुबह गांव से करीब दस किलोमीटर दूर तिलहर थाना क्षेत्र के गांव कपसेड़ा के पास सड़क किनारे पेड़ पर कपड़े के सहारे उसका शव लटका मिला।
पुलिस से सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग रोते-बिलखते पहुंच गए। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से पत्नी आशा व दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
-
15 साल पहले हुआ था विवाह
-अजीत का विवाह करीब 15 साल पहले हुआ था। पांच साल से वह ससुराल में रह रहा था। वहीं, पर रहकर अपना कारोबार करता था। महीने में दो से तीन बार यहां आ जाता था।