थाना कटरा क्षेत्र के गांव पौकी में रहने वाली मिथलेश अपने बेटे के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेेकर धरने पर बैठ गईं हैं। आरोप है कि सत्तापक्ष के एक नेता के दबाव में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
मिथिलेश पत्नी धुव्रपाल सिंह ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि गांव के सोलंकी, नीरेश और बदायूं के दातागंज क्षेत्र के गांव धनौरा निवासी सोलंकी के बहनोई राजेश 10 जून 2015 को उनके बेटे विपिन को घर से बुलाकर ले गए। बाद में उसका शव बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में गांव तारतरपुर के पास रेलवे लाइन पर मिला था। आरोपियों के खिलाफ थाना फरीदपुर में निल पर मुकदमा दर्ज कराया था। इससे पहले भी सोलंकी अपनी बहन से विपिन के संबंध होने के शक में उसकी पिटाई कर चुका था।
बाद में गांव वालों ने समझौता करा दिया था। लेकिन सोलंकी रंजिश मानने लगा था। मामले की विवचेना कटरा पुलिस के पास है। आरोप है कि पुलिस सत्तापक्ष के एक नेता के दबाव में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। धरने पर बैठे परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी, दूसरे थाने से जांच कराने की मांग, विपिन के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने और परिवार को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिए जाने की मांग की है। धरने पर बैठने वालों में ध्रुवपाल सिंह, आरती, दीपक सिंह, रनवीर सिंह, शिव सिंह, सुदामा देवी, अनिल आदि शामिल हैं।