थाना तिलहर क्षेत्र के गांव नगरिया के विमलेश की हत्या के मामले में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि हत्यारोपी मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी से आरोपियोेें की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए।
मालूम हो कि तिलहर क्षेत्र में गांव नगरिया निवासी विमलेश गांव बंथरा के हरवंत सिंह के झाले पर काम करते थे। 13 मार्च की शाम विमलेश झाले पर काम करने गए थे, लेकिन अगले दिन सुबह वह वापस नहीं आए। परिवार वालों ने हरवंत से विमलेश के बारे में पूछा तो उसने कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद विमलेश का शव क्षेत्र की गोबरसंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास खाई में मिला। मामले में मृतक के भाई मिथलेश ने हरवंत, काली और काका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मिथलेश का आरोप है कि 18 मार्च को खेत पर काम करते समय तीनों लोगों ने मुकदमा वापस नहीं लेेने पर जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार को मिथलेश ने ग्राणीणों के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों को का गुस्सा शांत हुआ।