क्षेत्र के गांव बहादुरपुर बुजुर्ग के किसानों ने एसडीएम को पत्र देकर बताया कि उनके सेंटर पर पर्चियां ही नहीं आ रही है। इससे वह अपना गन्ना नहीं तुलवा पा रहे हैं। किसानों ने एसडीएम से जल्द ही समस्या का समाधान कराने की मांग की है। गांव के शिववीर सिंह, दिनेश मिश्रा, पदम सिंह, प्रदीप सिंह, कामता प्रसाद, दिलीप शुक्ला, गुरविंदर सिंह आदि ने एसडीएम को दिए गए पत्र में बताया कि निगोही की डालमियां चीनी मिल का गन्ना सेंटर पुवायां क्षेत्र के गांव बहादुरपुर बुजुर्ग में लगा हुआ है। इस सेंटर पर कई दिन से किसानों की पर्चियां ही नहीं आ रही है। कुछ किसानों ने तो पर्चियां आने के इंतजार में अपना गन्ना भी कटवा लिया है। उन्होंने कहा कि मिल के कर्मचारी जान बूझकर किसानों को परेशान कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन उन लोगों को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी मिल प्रशासन की होगी। इस संबंध में डालमिया मिल के जीएम केन रणधीर सिंह का कहना है कि मिल गेट की तौल से गन्ना सेंटर काफी आगे चल रहे हैं। पर्चियां भी समय से जारी हो रही है। फिर भी अगर कहीं समस्या है तो दिखवाकर किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।