शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे पर स्थित होटल पर शुक्रवार रात को विवाद हो गया। खाना खाने के बाद सौंफ और मिश्री को लेकर हुए विवाद का बीच-बचाव करने पर होटल मालिक ने थाना सदर के मोहल्ला महमंद जलालनगर निवासी सुधीर शर्मा पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुधीर शर्मा शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे रोडवेज बस अड्डा स्थित होटल पर खाना खाने के लिए गए थे। तभी कानपुर के रावतपुर निवासी आशीष चौरसिया खाने के बाद काउंटर पर सौंफ और मिश्री खाने लगे। उन्होंने होटल मालिक मनोज गुप्ता निवासी लाला तेली बजरिया से सौंफ और मिश्री अच्छी न होने की बात कह दी। इस बात को लेकर होटल मालिक और आशीष में विवाद हो गया। आरोप है कि मनोज ने आशीष के कई थप्पड़ जड़ दिए।
इस बीच सुधीर ने बीच-बचाव कर दिया। आशीष तो शांत हो गए, लेकिन मनोज का गुस्सा शांत नहीं हुआ और होटल के अंदर से चाकू लाकर कई वार कर दिया। चाकू गर्दन, सिर, हाथ और पीठ पर लगे। इस बीच सुधीर के दोस्त योगेश अरोड़ा निवासी आवास विकास गुजरे तो उन्होंने थाने पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सुधीर शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-रात में होटल में विवाद होने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
सरवणन टी, सीओ सिटी