माधोटांडा। कलीनगर में पटाखा फेंकने के आरोप को लेकर हुए विवाद में घर में घुसकर एक परिवार के चार लोगों से मारपीट करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कलीनगर के वार्ड छह निवासी कमला देवी ने पुलिस को बताया कि 22 अक्तूबर की शाम करीब 6:30 बजे उनका पुत्र प्रांशु घर के अंदर खड़ा था। आसपास पटाखे फूटने की आवाज आ रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी राम बहादुर सिंह यादव अपने पुत्र कपिल यादव, युवराज उर्फ राजा, भाई बैवी यादव और आजाद यादव के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस आए। उन्होंने पटाखा फेंकने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। तमंचा लहराकर परिवार को धमकाने और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप भी लगाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि मामले में थाना पुलिस को विवेचना शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद