पुलिस कप्तान के होली न खेलने के फरमान से इस बार पुलिसकर्मियों की होली बेरंग हो गई है। होली के दूसरे दिन कोतवाली, थानों और चौकियों में उड़ने वाला रंग-गुलाल इस बार कहीं उड़ता नजर नहीं आया। पुलिसकर्मियों की रंग और गुलाल आदि की तमाम तैयारियां धरी की धरी रह गईं। होली नहीं मना पाने की वजह से पुलिसकर्मी काफी मायूस रहे।
आम जनों की होली में खलल न पड़े इसलिए पुलिस अपने घर और परिवारजनों से दूर रहकर होली मनाते हैं। होली वाले दिन ड्यूटी करने के पश्चात पुलिस कर्मियों की सोच यह होती है कि घर वालों, दोस्तों-यारों के साथ होली नहीं मना पाए तो क्या कम से कम साथ कार्यरत साथियों के रंग-गुलाल लगाकर अपने अरमान पूरे कर लिए जाएं। इसी वजह से कोतवाली, थानों और चौकियों में होली के दूसरे दिन जमकर रंग-बाजी की जाती है। इस बार एसपी आरपीएस यादव ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पुलिस कर्मी रंग नहीं खेलेगा। एसपी के फरमान से पुलिस कर्मियों की होली मनाने की सारी तैयारियां धरी रह गईं। इससे पुलिसकर्मियों में नाराजगी है, लेकिन कोई कप्तान के फरमान का विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे है।
पुलिस वालों ने खेली होली, फरियादियों तक को नहीं बख्शा
पुवायां। होली के दूसरे दिन शनिवार को थानों में पुलिस कर्मियों ने जमकर होली खेली। इस दौरान थाने में पहुंचे फरियादी भी खूब रंगे गए।
होली के दिन लोगों की सुरक्षा व्यवस्था में डटे रहे पुलिसकर्मी आज पूरे मूड में थे। पुवायां, बंडा और खुटार थाने में डीजे लगवाया गया था। सुबह होते ही पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे को रंगना शुरू कर दिया। लालपरी की झाेंक में कुछ सिपाहियों ने साथी पुलिस वालों के कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद कपड़ा फाड़ होली का सिलसिला देर तक चलता रहा। जो भी फरियादी थाने पहुंचा उसे जमकर रंगा गया। हालात यह हो गए कि थाने के बाहर से निकल रहे लोगों को भी जमकर रंगा गया। मना करने पर ‘बुरा ना मानो होली है’ कहकर हंसी में उड़ा दिया गया। पुवायां में तमाम लोग रंगे जाने के डर से थाने के सामने से नहीं निकले और राजीव चौक की तरफ जाने के लिए गलियों का सहारा लिया।
रंगों के डर से पुवायां के कोतवाली प्रभारी एके सिंह और सीओ उमेश शर्मा सुबह होते ही खिसक लिए और क्षेत्र भ्रमण कर तब वापस आए जब सिपाही रंग खेलना बंद कर चुके थे। खुटार में थाने के आसपास के दुकानदारों को पुलिस कर्मी थाने उठा ले गए और जमकर रंग खेला। बंडा में भी पुलिसकर्मियों ने जमकर रंग खेला।