पुवायां के गांव डूडा नकूमपुर का अनिल मिश्रा। स्रोत पुलिस
- फोटो : संवाद
पुवायां। दो वर्ष से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर ने थाना परिसर और गेट पर एक फरवरी को जमकर हंगामा किया। पुलिस ने सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गांव डूडा नकूमपुर निवासी अनिल मिश्रा पर पुवायां और मोहम्मदी थाने में चोरी, हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। पुवायां थाने में उसकी हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। उसकी पत्नी व बच्चे गांव में ही रहते हैं।
कोर्ट से वारंट जारी होने पर पुलिस उसके घर जाती थी। एक फरवरी को अनिल मिश्रा शराब के नशे में थाने पहुंच गया और पुलिस के बार-बार घर जाने पर एतराज जताते हुए हंगामा करने लगा। अनिल का कहना था कि पुलिस उसकी पत्नी व बच्चों को परेशान करती है। अब वह खुद थाने आया है तो गिरफ्तारी नहीं की जा रही है।
अनिल को पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर से किसी तरह बाहर किया तो वह गेट पर हंगामा करते हुए जेल भेजने की बात कहता रहा। काफी देर बाद वह मौके से चला गया था। एक दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि फरार चल रहे अनिल मिश्रा को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया है। उसके थाने में हंगामा करने की जानकारी नहीं है।