जलालाबाद। प्रशासन स्तर से बांटी गई बाढ़ राहत किट लिए लाभार्थियों के साथ फोटो खिंचवाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करके बुधुआना निवासी हिंदूवादी नेता शालू पाठक कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। उनके खिलाफ लेखपाल तालिब हसन ने फेसबुक पर भ्रामक और तथ्यहीन संदेश के साथ फोटो अपलोड करने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लेखपाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 16 सितंबर को ग्राम पंचायत मंगटोरा के मजरा चचुआपुर में बाढ़ प्रभावित 20 लोगों को राहत किटें बांटी थींं। कुछ देर बाद वहां पहुंचे शालू पाठक ने सभी लाभार्थियों को अपने साथ इकट्ठा कर फोटो खिंचवाई और उसे फेसबुक पर अपलोड कर लिखा कि उन्होंने लेखपाल के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों को सामग्री वितरित कराई।
लेखपाल के अनुसार उन्होंने आरोपी को न तो वहां न बुलाया और न ही उनसे किसी तरह का सहयोग लिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी के इस कृत्य ने शासकीय कार्य को लेकर लोगों को गुमराह किया और इससे उनमें गलत संदेश गया। शालू पाठक लम्बे समय तक हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े रहे और इन दिनों वह यहां के वार्ड चार से जिला पंचायत सदस्य के चुनाव को प्रचार-प्रसार में लगे हैं।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी शालू के अनुसार उन पर लगाया गया आरोप निराधार है और उन्हें साजिशन फंसाया गया है।