फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिंदी प्रेम ने विशिष्टजनों को कराया सम्मानित

Tue, 15 Sep 2015 12:05 AM IST
शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
सोमवार का दिन हिंदी दिवस के नाम रहा। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों तथा सामाजिक संगठनों ने गोष्ठियां कर हिंदी के महत्व को समझा और समझाया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी हिंदी के प्रति युवाओं को जागरूक किया गया। कई स्थानों पर हिंदी में कामकाज करने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया गया।
विज्ञापन


हिंदी वालों को कमतर न आंकें: जिला जज
जजी परिसर में न्यायालय के हिंदी विधि प्रतिष्ठान के बैनर तले गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश इफाकत अली खां ने कहा कि हमें अन्य भाषाओं की तरह हिंदी को सम्मान देना चाहिए, तभी इसका उत्थान होगा। हिंदी की उन्नति के लिए अलग-अलग भाषाओं का भी ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हिंदी बोलने और लिखने-समझने वालों को कमतर नहीं आंकना चाहिए। अपर जिला जज एयू खान ने कहा कि विचारों के आदान-प्रदान के लिए हिंदी सशक्त माध्यम है। अपर जिला जज पीके चौरसिया ने कहा कि कहा कि उन्हें खुशी है कि न्यायालयों में भी धीरे-धीरे हिंदी का चलन बढ़ा है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेश पांडेय, कमलेश्वर नाथ पाठक, बांके बिहारी मिश्र, उमेश चंद्र सिंह, ब्रजेश मिश्र, संजय मिश्र, विनय सिंह आदि ने भी विचार रखे। तृतीय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय मिश्र के संचालन में हुए कार्यक्रम में अपर जिला जज भानुदेव शर्मा, चंद्र शेखर, श्याम जीत यादव, अनिल वर्मा, गोपाल उपाध्याय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेश्वरी टोलिया आदि मौजूद रहे।

हिंदी को दें पूरा मान-सम्मान: दिलीप
श्री सत्यपाल सिंह महाविद्यालय में हिंदी दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. दिलीप वर्मा ने कहा कि हमें हिंदी को पूरा मान-सम्मान देना चाहिए। हिंदी में विचारों की अभिव्यक्ति सबसे आसान है। प्रशासनिक निदेशक मोइन सफदर खान ने कहा कि हिंदी को उसका सम्मान मिलना ही चाहिए। इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा मिश्रा को सम्मानित भी किया गया। डॉ. पद्मजा मिश्रा के संचालन में हुए कार्यक्रम में राहुल श्रीवास्तव, डॉ. आसमां खान, डॉ. इंद्रपाल वर्मा आदि ने भी हिंदी भाषा में कामकाज करने पर जोर दिया। आयोजन में डॉ. सैयद साद, केतन पांडेय, फिरोज अहमद, पूर्णा मिश्रा, वंदना गुप्ता, तबस्सुम, सारा जमील, रिजवान उस्मानी, प्रदीप मेहरोत्रा, हर्षित गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


कवि सुशील और सरोज सम्मानित
एसएस कॉलेज में शिक्षक प्रशिक्षण विभाग में हिंदी दिवस पर गोष्ठी और काव्य पाठ प्रतियोगिता कराई गई। प्राचार्य डॉ. अवनीश मिश्र ने कवि सुशील विचित्र और संजय मिश्र को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में व्याख्या सक्सेना ने प्रथम, रिंकी वर्मा और सुरभि मिश्रा ने द्वितीय तथा कुलदीप गुप्ता ने तृतीय स्थान पाया। डॉ. प्रशांत अग्निहोत्री के संचालन में हुए कार्यक्रम में डॉ. प्रभात शुक्ला ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. एमके वर्मा, डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. मीना शर्मा, डॉ. रत्ना गुप्ता, डॉ. विनीत श्रीवास्तव, डॉ. शैलजा मिश्रा, डॉ. निधि त्रिपाठी, डॉ. विशाल पांडेय, बलराम वाजपेयी, सुषमा मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।

खाद्य निगम में हिंदी पखवाड़ा शुरू
भारतीय खाद्य निगम कार्यालय में सोमवार से हिंदी पखवाड़ा शुरू किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक (हिंदी) आरपी सिंह, प्रबंधक (वाणिज्य) अरविंद कुमार, प्रबंधक (लेखा) अंकित अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल आदि ने हिंदी में कामकाज करने पर जोर दिया। संचालन अरुण यादव ने किया।

सिंधिया स्कूल में हिंदी को सम्मान देने पर जोर
माधव राव सिंधिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी दिवस और प्राथमिक चिकित्सा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर छात्रा गरिमा श्रीवास्तव और मुस्कान ने हिंदी के उत्थान के लिए भाषा का सम्मान किए जाने पर जोर दिया। प्रधानाचार्य मीरा भाटिया ने प्राथमिक चिकित्सा का उपयोग और महत्व छात्र-छात्राओं को समझाया।  

मातृ भाषा का सभी करें सम्मान
नेहरू युवा केंद्र कार्यालय में हिंदी दिवस पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लेखाकार संजीव मिश्र ने कहा कि हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, अपितु मातृ भाषा भी है, इसलिए अपनी मातृ भाषा का सम्मान सभी को करना चाहिए। युवा मंडल महमदपुर अजमाबाद के अरविंद मिश्र ने कहा कि हिंदी हमारे देश की शान है। इस मौके पर अवधेश दीक्षित, सुशील शुक्ला, अक्षय तिवारी, राम किशोर, चंद्रभाल आदि ने भी विचार व्यक्त किए। पंकज सिंह ने आभार व्यक्त किया।

रॉयन में हुई निबंध प्रतियोगिता
लायंस क्लब सहेली की गोष्ठी में अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री विदेशों में जाकर हिंदी में भाषण देकर मातृ भाषा को बढ़ावा दे रहे हैं। देशवासियों को उनसे सीख लेनी चाहिए। रॉयन इंटरनेशनल स्कूल में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच हिंदी निबंध लेखन की प्रतियोगिता भी कराई गई। आयोजन में मुक्ता वोहरा, किरन, रजनी, मोनिका, मीनू, प्रियंका, कंचन, रोली खन्ना आदि मौजूद रहीं। प्रधानाचार्य वर्षा अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

संस्कृति का बोध कराती है हिंदी
अखिल भारतीय हिंदू शक्ति दल की गोष्ठी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुनीत त्रिवेदी ने हिंदी से हमें भारतीय संस्कृति का बोध होता है। हिंदी में जो मिठास है वह किसी अन्य भाषा में नहीं मिलती। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्निहोत्री, शिवनंदन सागर, जिलाध्यक्ष अवधेश दीक्षित, अरविंद मिश्र, राजीव मिश्र, अशोक त्रिपाठी, हरिकृष्ण कन्हैया, आशीष मिश्र आदि ने भी विचार व्यक्त किए। 
मॉडल स्कूल चिनौर में हुईं प्रतियोगिताएं
मॉडल स्कूल चिनौर में हिंदी दिवस पर कहानी, गीत, कविता पाठ आदि प्रतियोगिताएं कराई गईं। बाद में बच्चों को यूनिफार्म वितरित की गई। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक पंकज वर्मा, अजय गौतम, ज्योति सक्सेना, गंगा सागर, गीता देवी आदि ने हिंदी में कामकाज पर जोर दिया।

बेजोड़ है हिंदी भाषा
आर्य महिला महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर हुई गोष्ठी में मगध विश्वविद्यालय बोधगया के प्रो. लक्ष्मण प्रसाद सिन्हा ने कहा कि दुनिया की किसी भाषा में संस्कृत जैसा वैज्ञानिक व्याकरण नहीं है। संस्कृत से निकली हिंदी भाषा में पूर्ण वैज्ञानिकता है। इस अवसर पर प्रो. सरोज सिन्हा, प्राचार्य डॉ. रानी त्रिपाठी, डॉ. दुर्गावती सिंह, डॉ. कनकरानी, डॉ. संजीवनी मानेकर, डॉ. रुचि द्विवेदी आदि ने भी हिंदी के उत्थान पर जोर दिया। डॉ. रूपांशुमाला के संचालन में हुए कार्यक्रम में डॉ. संतोष सक्सेना, डॉ. नीलम अग्रवाल, डॉ. नमिता किशोर, डॉ. आलोक दीक्षित, डॉ. अरुण कांत, पूजा, ज्योति पांडेय आदि मौजूद रहे।

चल वैजयंती की भेंट, अन्य विजेता पुरस्कृत
शाहजहांपुर। आयुध वस्त्र निर्माणी में चल हिंदी पखवाड़ा पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक चंद्र भूषण शर्मा ने हिंदी में कामकाज करने वाले विभागों और कर्मचारियों तथा पखवाड़ा के दौरान हुईं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
समापन अवसर पर महाप्रबंधक शर्मा ने कहा कि राजभाषा के रूप में अब हिंदी काफी समर्थ हो चुकी है। निर्माणी भी हिंदी में कामकाज कर अपनी मातृभाषा को सशक्त बनाने मेें अहम योगदान दे रही है, जो खुशी की बात है। राजभाषा अधिकारी सौरभ सिंह ने वार्षिक राजभाषा रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर क और ख क्षेत्रों तथा सर्वाधिक आंतरिक पत्राचार हिंदी में करने के लिए एलबी अनुभाग की राजभाषा चल वैजयंती सहायक कार्य प्रबंधक अनु सक्सेना और कनिष्ठ कार्य प्रबंधक एसके अग्रवाल को भेंट की। इसके अलावा रवि बाबू, कामेश्वर सिंह, हसीन बाबू, छविनाथ सिंह, संजय सक्सेना, मो. वसीम, रोशन मिश्र, रमेश कुमार, पंकज श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता, इरफान अहमद, अभिमन्यु, राजेश कुमार, गोविंद कृष्ण वाजपेयी, नरदेव मिश्र, शिवम त्रिपाठी, डीआर शर्मा, मनीष मिश्र, भारती श्रीवास्तव, प्रवेश कुमार, राजीव कंचन, शिखा चुनेर, हिना कौसर, अभिषेक अग्निहोत्री, सुमित कुमार, अरविंद मिश्र, बाबूलाल, अब्दुल लतीफ, संतपाल, शाहिद रजा, रियाज अहमद आदि को हिंदी में कामकाज करने, प्रतियोगिताओं के विजेता बनने, साहित्यिक सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक के सत्यनारायणा, सुकुमार रथ समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी नेता मौजूद रहे। राजभाषा प्रभारी प्रकाश चंद्र के संचालन में हुए समारोह में ज्ञानेंद्र मोहन ज्ञान ने आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें