जलालाबाद। बारह पत्थर चौराहे को नगर से जोड़ने वाले व्यस्त मार्ग पर बुधवार को दोपहर हाईटेंशन लाइन का तार स्पार्किंग के बाद टूटकर गिर गया। इससे राहगीरों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि टूटा तार नीचे से निकली घरेलू लाइन वाले केबल पर गिरकर अटक जाने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अफरा-तफरी में दंपती समेत तीन लोग गिरकर चोटिल हो गए।
घटना दोपहर करीब दो बजे की है। हर समय व्यस्त रहने वाली इस रोड पर लोग आ-जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण एचटी लाइन के ढीले तार आपस में टकराने से शॉर्ट सर्किट के कारण तेज स्पार्किंग होने लगी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक तार टूट गया और करंट की चपेट में आने से बचने को राहगीर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान वहां से पत्नी सोनी के साथ बाइक से निकल रहे गांव अफतियापुर निवासी धर्मपाल बाइक समेत और करनापुर निवासी ऊधन सड़क पर गिर गए।
ज्यादा चोट न आने से पीड़ित गंतव्य के लिए रवाना हो गए। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि टूटा तार सड़क पर गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। इस बीच लाइन फॉल्ट की सूचना पाकर निकट स्थित विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी सीढ़ी लेकर पहुंच गए। उन्होंने टूटे तार जोड़कर करीब 20 मिनट बाद प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी।