यूपी बोर्ड परीक्षा में हुए बड़े खेल आ रहे सामने...
जीआईसी केंद्र पर इंटर रसायन विज्ञान के बंडल में निकलीं हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की 69 उत्तर पुस्तिकाएं
इस्लामिया केंद्र पर इंटर समाजशास्त्र के बंडल में हाईस्कूल अंग्रेजी की निकलीं 59 कापियां
माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बड़े पैमाने पर घालमेल है। इसका प्रमाण इंटर के मूल्यांकन केंद्रों पर देखने को मिल रहा है। एक केंद्र पर इंटर के बंडल में हाईस्कूल की जो कापियां मिलीं, उन दोनों विषयों की परीक्षा अलग-अलग तिथि में हुई, जबकि दूसरे केंद्र में इस प्रकार की गड़बड़ी उसी दिन की है। जब दोनों पेपर एक ही दिन और एक समय में हुए थे।
जानकारी के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज में चल रहे इंटर के मूल्यांकन केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाआें की जांच के लिए रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) द्वितीय प्रश्नपत्र का बंडल खोला गया। बंडल के अंदर इंटर रसायन विज्ञान के बजाय हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की 69 कापियां निकलीं। यह देख डिप्टी हेड ने तत्काल उप नियंत्रक रणवीर सिंह को जानकारी दी। उन्होंने मुख्य नियंत्रक/ डीआईओएस को बताया। डीआईओएस के निर्देश पर बंडल में निकली कापियों को जस का तस अलग कर दिया गया। यहां गौर करने की बात यह है कि इंटर रसायन विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 28 मार्च को द्वितीय पाली में हुई, जबकि हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान परीक्षा 30 मार्च को प्रथम पाली में हुई। ऐसे में यह भी नहीं सोचा जा सकता कि धोखे में कापियां गलत बंडल में रख दी गई होंगी।
इधर, इंटरमीडिएट के दूसरे मूल्यांकन केंद्र इस्लामिया इंटर कॉलेज में इंटर समाजशास्त्र के बंडल में हाईस्कूल अंग्र्रेजी की 59 उत्तर पुस्तिकाएं निकलीं। डिप्टी हेड से जानकारी मिलने पर उप नियंत्रक शाकिर अली ने डीआईओएस को मामले की जानकारी दी। इन दोनों विषयों की परीक्षा 27 मार्च को प्रथम पाली में ही हुई थी। समझा जा रहा है कि जल्दबाजी में कापियां सील करने के बाद हाईस्कूल के बंडल में इंटर और इंटर के बंडल में हाईस्कूल की डिटेल लिख दी गई होगी। यहां बता दें कि एक दिन पहले ही एक केंद्र पर एक ही अनुक्रमांक की दो कापियां निकल चुकी हैं, जिन्हें भी बोर्ड ऑफिस भेज दिया गया।
वापस बोर्ड मुख्यालय भेजी जा रहीं कापियां
मूल्यांकन केंद्रों से विसंगतियों के दो प्रकरण सामने आए हैं। उप नियंत्रकों से रिपोर्ट लेकर कॉपियों को सील करा दिया गया है। साथ ही बोर्ड ऑफिस को भी जानकारी दे दी गई है। दोनों बंडल यथावत सील कराकर बोर्ड मुख्यालय भेजे जा रहे हैं।
डॉ. केएल वर्मा, मुख्य नियंत्रक/ डीआईओएस