राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक करतीं एसपी ग्रामीण। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। नवरात्र के पहले दिन मिशन शक्ति-5.0 का शुभारंभ हो गया। एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देशन में एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने थाना कोतवाली पुलिस टीम के साथ राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक किया। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
एसपी ग्रामीण ने कहा कि मिशन शक्ति-5.0 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं के आत्मसम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण की दिशा में एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पुलिस निरंतर प्रयासरत है कि जनपद की प्रत्येक बेटी भयमुक्त होकर शिक्षा प्राप्त करे और अपने सपनों को साकार कर सके।
पुलिस ने नवरात्र के पहले दिन स्कूल परिसर एवं उसके आसपास के संवेदनशील स्थानों की गहन जांच-पड़ताल की। सुनिश्चित किया गया कि किसी भी मनचले द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ व अनुचित हरकत न की जा सके। पुलिस बल द्वारा नियमित गश्त और सतर्क निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।