शाहजहांपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा 25 और 30 अक्तूबर व एक नवंबर को आयोजित होगी। इसमें गैर जनपदों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे और बरेली मोड़ पर हेल्पडेस्क बनाई जाएंगी।
जिले में पीईटी के लिए 19 केंद्र बनाए गए हैं। शहर के अंदर बने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचाने के लिए खाका तैयार किया गया है। इसके लिए एडीएम रजनीश मिश्रा ने बैठक कर एआरएम को परीक्षा के दौरान परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि संबंधित मार्गों पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। हेल्प डेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों को बसों और मार्गों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
संविदा चालकों-परिचालकों की बहाली के लिए बनी आर्बिट्रेशन समिति
रोडवेज के संविदा चालकों और परिचालकों की संविदा बहाली के लिए क्षेत्रीय स्तर पर आर्बिट्रेशन समिति गठित की गई है। समिति सीतापुर, गोला और शाहजहांपुर डिपो में विभिन्न प्रकरणों में अनुबंध निरस्त किए गए संविदा चालक-परिचालकों के बहाली संबंधी प्रत्यावेदनों का 23 अक्तूबर को निस्तारण करेगी। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि समिति का अध्यक्ष क्षेत्रीय प्रबंधक को बनाया गया है। इसके अलावा पांच सदस्य शामिल किए गए हैं।