शाहजहांपुर। कोविड-19 को मात देने के लिए शासन द्वारा प्रथम चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण शुरू किया गया। वहीं साइबर ठगों ने कोविड-19 टीकाकरण के नाम पर साइबर ठगी शुरू कर दी है, जिसको लेकर अमर उजाला ने 10 जनवरी को प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर आगाह किया था। अब सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने आम नागरिकों को सावधान रहने की अपील की है।
सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण के लिए साइबर ठगों द्वारा बने किसी एप में अपना पंजीकरण किसी भी दशा में न करें और न ही किसी को कोई एप डाउनलोड कराएं। शासन द्वारा आम नागरिकों के लिए कोविड -19 टीकाकरण की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं की गई है। शासन की ओर से आम नागरिकों के लिए कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित कोई गाइडलाइन अब तक जारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों का टीकाकरण अभी नहीं हो रहा है, इसलिए प्ले स्टोर से कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित कोई एप डाउनलोड न करें। कोविड-19 टीकाकरण के प्रथम चरण में हेल्थकेयर वर्कर्स का टीकाकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में आपताकालीन सेवाओं से जुड़े लोग, पुलिस कर्मी, राजस्व विभाग, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मचारियों का टीकाकरण होगा। तीसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का और 50 वर्ष से कम कोमार्विड (बीपी, शुगर, कैंसर आदि) से ग्रसित लोगों का निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इस टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग से जारी वेबसाइट पर ही पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति फर्जी एप डाउनलोड करता हैं, तो इसके लिए वह जिम्मेदार होगा। स्वास्थ्य विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इसलिए सभी लोगों से अपील है कि सतर्कता बरतें और ठगी से बचे रहें।