शाहजहांपुर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। तेज धूप और गर्म हवा से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। अब रोजाना एक हजार से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।
शाहजहांपुर में भीषण गर्मी, लू और तेज धूप लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। डायरिया, बुखार, पेटदर्द आदि के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। साथ ही फ्रिज का ठंडा पानी और कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन लोगों को खांसी और जुकाम का मर्ज दे रहा है। डॉक्टर इलाज के साथ ही मरीजों को तेज धूप में न निकलने, आइसक्रीम, ठंडे पानी से परहेज की सलाह दे रहे हैं।
विज्ञापन
आमतौर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में करीब एक हजार मरीज रोजाना पहुंचते हैं। पिछले एक हफ्ते से राजकीय मेडिकल कॉलेज में रोजाना पहुंचने वाले मरीजों की संख्या एक हजार से ऊपर पहुंच गई हैं। इनमें से करीब 25 से 30 फीसदी मरीज उल्टी-दस्त और बुखार से पीड़ित हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के 40 बेड के बच्चा वार्ड में 33 मरीज भर्ती हैं। इसमें सात बच्चे निमोनिया से पीड़ित हैं। ओपीडी बंद होने के बाद भी ट्रॉमा सेंटर में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। स्थिति बिगड़ने पर कई मरीजों को भर्ती करने की नौबत भी आ रही है।
बीमारी के मुख्य कारण
चिकित्सकों के मुताबिक तेज धूप, गर्म हवा और खानपान में अनियमितता लोगों को बीमार कर रही है। सुबह का भोजन शाम को या शाम का भोजन सुबह करने से फूड प्वाइजनिंग और डायरिया की समस्या बढ़ी है। बाजार में मिलने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन भी शरीर पर बुरा असर डाल रहा है।
विज्ञापन
चिकित्सकों की सलाह
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि खानपान पर विशेष ध्यान दें। बासी, बाजार का तला-भुना और तेज मसालेदार चीजें खाना भी बीमारी की मुख्य वजह है। उल्टी और दस्त होने से मरीज के शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे भर्ती करने की नौबत आ सकती है। शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए ओआरएस या नमक-चीनी का घोल लेते रहें।
तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ शुरुआती लक्षण
डॉक्टर के मुताबिक बच्चों को तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और कमजोरी जैसे लक्षण हैं तो इलाज में देर न करें। विशेषज्ञ के परामर्श पर ही दवा दें। बच्चों को अत्यधिक ठंडे पेय पदार्थ देने से बचें।
तिलहर में फैल रहा डायरिया
तिलहर क्षेत्र में लू से दस्त, बुखार और डायरिया फैल रहे हैं। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। सामान्य मरीजों के लिए सीएचसी में आठ बेड का कोल्ड रूम तैयार किया गया है। सीएचसी प्रभारी ओमेंद्र राठौर ने लोगों को तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
निगोही सीएचसी में मरीज बढ़े
निगोही इलाके में गर्मी और गर्म हवा के कारण निगोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। सीएचसी प्रभारी डाॅ. नितिन चौधरी ने बताया कि रोजाना करीब 400 से लेकर 500 तक नए मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। लोहरगंवा और परसोना खलीलपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में आने वाले मरीज
- 21 अप्रैल : 1461
- 22 अप्रैल : 1462
- 23 अप्रैल : 1521
- 24 अप्रैल : 1619
- 25 अप्रैल : 1237
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। लू के मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है। हालांकि, अब तक लू का कोई मरीज भर्ती नहीं हुआ है। मेडिकल कॉलेज में कुल 430 बिस्तर उपलब्ध हैं, जो बढ़ती मरीजों की संख्या को संभालने के लिए पर्याप्त हैं।