गांव अगौना बुजुर्ग में शुक्रवार को पुवायां के सरकारी अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कर सौ से अधिक बच्चों और किशोर-किशोरियों का परीक्षण किया गया। इसमें दवाएं भी वितरित की गईं। डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रदीप कटियार, डॉ. संदेश गुप्ता, शिवेंद्र कुमार, बीएचडव्ल्यू सरोज गुप्ता, आंगनबाड़ी कर्मचारी शीला देवी, प्रधान अरविंद दीक्षित के सहयोग से आयोजित शिविर में गांव के तमाम बच्चों का परीक्षण किया गया और बुखार आदि की दवाएं वितरित की गईं। डॉ. प्रदीप कटियार ने गांव के लोगों से साफ सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इससे तमाम बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि बुखार आदि आने पर झोलाछाप डॉक्टर से दवा न लेकर सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं। शिविर में गांव के कई बच्चों को मलेरिया होने की आशंका के चलते ब्लड सैंपल लिया गया। इसकी जांच रिपोर्ट शनिवार को मिलने पर आगे का इलाज किया जाएगा।