तिलहर (शाहजहांपुर)। कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद रविवार रात बंथरा स्थित वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। मरीज के परिजन इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। हंगामे के दौरान अस्पताल के गेट का शीशा तोड़ दिया गया। स्टॉफ से मारपीट और हवाई फायरिंग करने का भी आरोप है। सूचना पर पुलिस पहुंची इससे पहले हंगामा करने वाले भाग गए।
तिलहर थाना क्षेत्र में बंथरा स्थित वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में कोविड सेंटर बनाया गया है। शनिवार को कोरोना संक्रमित मरीज को राजकीय मेडिकल कॉलेज से वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज में बने कोविड सेंटर रैफर किया गया था। जहां रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मरीज की मौत हो गई। इसका पता लगने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि इलाज में लापरवाही की वजह से मरीज की मौत हुई है। मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों ने शांत करने की कोशिश की तो हंगामा कर रहे युवाओं ने मारपीट की और गेट का शीशा तोड़ दिया। फायरिंग भी की गई। कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मगर पुलिस के पहुंचने से पहले हंगामा करने वाले गाड़ी में बैठकर भाग गए।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के. शुक्ला ने बताया कि रविवार रात मरीज की मौत के बाद कुछ युवा एक गाड़ी में कोविड सेंटर पहुंचे थे, जिन्होंने हंगामा कर दिया। कॉलेज कर्मचारियों को पीटा और तोड़फोड़ की। सोमवार को मरीज के परिजन शव लेने पहुंचे। उनका कहना था कि हंगामा करने वालों का मृतक के परिवार वालों से कोई लेना देना नहीं है। प्रिंसिपल के शुक्ला का कहना है कि इस महामारी के दौर में लोगों को संयम से काम लेना चाहिए। अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी हर मरीज को बचाना चाहते हैं। लोग इस तरह मारपीट करेंगे तो मरीजों को इलाज कौन करेगा।
चौकी प्रभारी अमित सिंह चौहान ने बताया कि घटना रात लगभग 9:30 बजे की है। सूचना मिलने के बाद वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे तब तक हंगामा करने वाले जा चुके थे।